Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsIndia Signs Contracts for 4 25 Lakh Close Quarter Battle Carbines and 48 Heavy Torpedoes
हमारे सैनिक विश्वस्तरीय मारक क्षमता से होंगे लैस

हमारे सैनिक विश्वस्तरीय मारक क्षमता से होंगे लैस

संक्षेप:

भारतीय सैनिकों को विश्वस्तरीय मारक क्षमता से लैस करने के लिए रक्षा मंत्रालय ने 4,666 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें 4.25 लाख क्लोज क्वार्टर बैटल कार्बाइन और 48 भारी टॉरपीडो शामिल हैं। यह कदम आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के तहत उठाया गया है।

Dec 30, 2025 08:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय सैनिकों को विश्वस्तरीय मारक क्षमता से लैस करने की तैयारी तेजी से की जा रही है। इसी दिशा में मंगलवार को अहम कदम उठाया गया। रक्षा मंत्रालय ने 4.25 लाख से अधिक ‘क्लोज क्वार्टर बैटल कार्बाइन’ और 48 भारी टॉरपीडो खरीदने के लिए 4,666 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय ने बताया कि भारत फोर्ज लिमिटेड और पीएलआर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ 2,770 करोड़ रुपये की युद्धक कार्बाइन और सहायक उपकरणों के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। इसने कहा, यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना के तहत भारतीय सैनिकों को विश्वस्तरीय मारक क्षमता से लैस करने और पुरानी प्रणालियों को अत्याधुनिक स्वदेशी प्रौद्योगिकी से बदलने के असाधारण और निरंतर प्रयास की परिणति है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

भारतीय नौसेना की कलवरी श्रेणी की पनडुब्बियों के लिए 48 भारी टॉरपीडो और संबंधित उपकरणों की खरीद तथा समेकन के लिए लगभग 1,896 करोड़ रुपये की लागत का अनुबंध इटली की वास सबमरीन सिस्टम्स एसआरएल के साथ किया गया। मंत्रालय ने कहा कि इस खरीद से कलवरी श्रेणी की छह पनडुब्बियों की युद्धक क्षमता में वृद्धि होगी। टॉरपीडो की आपूर्ति अप्रैल 2028 से शुरू होगी और यह 2030 की शुरुआत तक पूरी हो जाएगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, इन टॉरपीडो में महत्वपूर्ण परिचालन क्षमताएं और उन्नत तकनीकी विशेषताएं हैं। इसने कहा, यह खरीद विशिष्ट प्रौद्योगिकियों और उन्नत क्षमताओं वाले अस्त्रों को शामिल करके भारतीय नौसेना की अभियानगत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।