India Secures 22 Medals at World Para Athletics Championships खेल : सिमरन, प्रीति, नवदीप को रजत, भारत ने जीते रिकॉर्ड 22 पदक, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsIndia Secures 22 Medals at World Para Athletics Championships

खेल : सिमरन, प्रीति, नवदीप को रजत, भारत ने जीते रिकॉर्ड 22 पदक

भारत ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में छह स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य पदक के साथ रिकॉर्ड 22 पदक जीते। अंतिम दिन, सिमरन शर्मा ने 200 मीटर टी12 में रजत पदक जीता, जबकि प्रीति पाल ने मानसिक दृढ़ता...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSun, 5 Oct 2025 10:35 PM
share Share
Follow Us on
खेल : सिमरन, प्रीति, नवदीप को रजत, भारत ने जीते रिकॉर्ड 22 पदक

छह स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य पदक के साथ सातवें स्थान पर रहा मेजबान भारत, पेरिस पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे सिमरन, प्रीति, नवदीप को रजत, भारत ने जीते रिकॉर्ड 22 पदक नई दिल्ली, एजेसी। सिमरन शर्मा ने थकान और पीठ में दर्द के बावजूद महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया। इससे विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रविवार को भारत का अभियान रिकॉर्ड 22 पदक के साथ समाप्त हुआ। अंतिम दिन चार पदक : प्रतियोगिता के आखिरी दिन भारत ने तीन रजत और एक कांस्य पदक जीते। इस तरह भारत का अभियान छह स्वर्ण, नौ रजत और सात कांस्य पदक के साथ समाप्त हुआ।

भारत पदक तालिका में दसवें स्थान पर रहा। महिलाओं की 100 मीटर टी35 एथलीट प्रीति पाल ने मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए रजत पदक जीता। एफ41 भाला फेंक स्पर्धा में पेरिस पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और उन्हें रजत पदक पर संतोष करना पड़ा। अगर नवदीप और ऊंची कूद खिलाड़ी प्रदीप कुमार शीर्ष स्थान हासिल कर लेते तो भारत चौथे स्थान पर आ सकता था। पुरुषों की 200 मीटर टी44 स्पर्धा के एथलीट संदीप ने 23.60 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ अप्रत्याशित रूप से कांस्य पदक जीत भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया। एशियाई रिकॉर्ड बनाया : उत्तर प्रदेश की 25 साल सिमरन शर्मा दो दिन में छठी स्प्रिंट दौड़ने के बावजूद महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में पूरी तरह जोश में नजर आईं। महिलाओं की टी20 100 मीटर में स्वर्ण जीतने के बाद उन्होंने 200 मीटर दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ 24.46 सेकंड का समय निकाल कर एशियाई रिकॉर्ड कायम किया। सिमरन ने गाइड उमर सैफी के साथ दौड़ लगाई। शुरू में वह वेनेजुएला की अलेजांद्रा पेरेज लोपेज और ब्राजील की क्लारा बैरॉस डी सिल्वा (24.42 सेकंड) के पीछे तीसरे स्थान पर रहीं। पर बाद में अलेजांद्रा पेरेज लोपेज को अयोग्य घोषित कर दिया गया जिससे सिमरन को दूसरा स्थान मिला। दोबारा हुई दौड़ : महिलाओं की 100 मीटर टी35 फर्राटा धावक 25 साल की प्रीति पाल जीत का जश्न मनाते हुए तिरंगा ओढ़ा और ट्रैक को चूमा, तभी घोषणा हुई कि रेस शुरू करने की घोषणा करने वाले पिस्टल की खराबी के कारण से स्पर्धा का आयोजन फिर से होगा। फिर उन्होंने 14.33 सेकंड के इस सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ चीन की गुओ कियांकियांन (14.24 सेकंड) के बाद रजत पदक जीत लिया। भाला फेंक में नवदीप 45.46 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से रजत पदक ही जीत सके। ईरान के सादेघ बीट सयाह ने 48.86 मीटर के बड़े थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। पदक तालिका में ब्राजील 44 पदक (15 स्वर्ण, 20 रजत, नौ कांस्य) लेकर शीर्ष पर रहा। चीन ने 52 पदक (13 स्वर्ण, 22 रजत, 17 कांस्य) के साथ दूसरा जबकि ईरान ने 16 पदक (नौ स्वर्ण, दो रजत, पांच कांस्य) के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।