
डब्ल्यूईएफ : दावोस बैठक में डोभाल, वैष्णव और मुकेश अंबानी हिस्सा लेंगे
नई दिल्ली में एनएसए अजीत डोभाल, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और उद्योगपति मुकेश अंबानी सहित कई प्रमुख भारतीय नेता स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भाग लेंगे। बैठक 18 से 24 जनवरी तक होगी और इसमें 100 से अधिक भारतीय कारोबारी शामिल होंगे।
नई दिल्ली, एजेंसी। एनएसए अजीत डोभाल, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और उद्योगपति मुकेश अंबानी सहित कई भारतीय दिग्गज स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाली वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में भारत के एक बड़े और प्रभावशाली प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। 18 से 24 जनवरी तक होने वाली इस पांच दिवसीय बैठक में कम से कम चार केंद्रीय मंत्री, छह मुख्यमंत्री और भारत के 100 से अधिक शीर्ष कारोबारियों के शामिल होने की संभावना है। इस साल बैठक का विषय ‘संवाद की भावना’ रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय प्रतिनिधि कई चर्चाओं में हिस्सा लेंगे। इनमें ‘क्या भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है?’ जैसे अहम विषय शामिल हैं।
इसके अलावा द्विपक्षीय बैठकों और भारत-केंद्रित कार्यक्रमों में भी भागीदारी होगी। ये लोग होंगे शामिल केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ शिवराज सिंह चौहान, प्रल्हाद जोशी और के राम मोहन नायडू नजर आएंगे। मुख्यमंत्री महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के एन चंद्रबाबू नायडू, असम के हिमंत बिस्व सरमा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, तेलंगाना के ए रेवंत रेड्डी और झारखंड के हेमंत सोरेन। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी के भी पहुंचने की उम्मीद है। उद्योगपति मुकेश अंबानी, एन चंद्रशेखरन, संजीव बजाज, सुनील भारती मित्तल, नंदन नीलेकणि, विजय शेखर शर्मा --- ट्रंप भी हो सकते हैं शामिल बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस, विश्व बैंक प्रमुख अजय बंगा, आईएमएफ प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित 130 देशों के लगभग 3,000 नेता शामिल हो सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




