शांति अधिनियम जल्द लागू होने की उम्मीद : सिंह
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रस्तावित शांति अधिनियम 2025 के नियम जल्द लागू हो सकते हैं। इस अधिनियम में शोध और नवाचार के क्षेत्र में उद्योगों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। भारत का लक्ष्य 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा उत्पादन करना है।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि प्रस्तावित ‘शांति अधिनियम 2025’ से जुड़े नियम जल्द लागू हो सकते हैं। कहा कि इसमें कुछ सप्ताह या महीने का समय लग सकता है। उन्होंने भारत में शोध और नवाचार के क्षेत्र में उद्योगों की मजबूत भागीदारी पर जोर दिया। सिंह आरडीआई योजना के तहत तकनीकी विकास बोर्ड के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ऐसे मॉडल की ओर बढ़ रही है, जहां शोध प्राथमिकताओं और नवाचार निवेश को आकार देने में उद्योगों की बड़ी भूमिका होगी। कहा कि देश में अगला मील का पत्थर शांति अधिनियम होगा, जिसके नियम कुछ सप्ताह या महीने बाद लागू हो जाएंगे।
बता दें कि शांति अधिनियम में कुछ अहम संशोधन किए गए हैं। इनमें भारत के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी और विदेशी भागीदारी को बढ़ाना, परमाणु ऑपरेटरों के लिए जवाबदेही के ढांचे को स्पष्ट करना, और भारत-अमेरिका नागरिक परमाणु समझौते की लंबे समय से चली आ रही संभावनाओं को साकार करना है। भारत का लक्ष्य 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा का उत्पादन करना है, जो अभी आठ-नौ गीगावाट है। शांति अधिनियम से यह लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


