
सात बीएमडब्ल्यू कार खरीदेगा लोकपाल, टेंडर जारी
संक्षेप: - अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बीएमडब्ल्यू 330ली कारों के लिए मांगी निविदाएं - पाच करोड़
नई दिल्ली, एजेंसी। भारत का भ्रष्टाचार निरोधक प्राधिकरण लोकपाल पांच करोड़ लागत की सात बीएमडब्ल्यू कारें खरीदेगा। लोकपाल कार्यालय ने इसको लेकर प्रतिष्ठित एजेंसियों से खुली निविदाएं मांगी। निविदा के अनुसार, भारत का लोकपाल सात बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज 330ली कारों की आपूर्ति के लिए प्रतिष्ठित एजेंसियों से खुली निविदाएं आमंत्रित करता है। निविदा में लंबे व्हीलबेस और सफेद रंग के एम स्पोर्ट मॉडल की खरीद का उल्लेख किया गया है। बीएमडब्ल्यू कंपनी के अनुसार, 3 सीरीज की लंबी व्हीलबेस वाली कार इस सेगमेंट की सबसे लंबी और सबसे विशाल कार है और इसे बेहद शानदार केबिन में बेहतरीन आराम के लिए डिजाइन किया गया है।
यह अपने सेगमेंट की सबसे उन्नत तकनीक वाली सबसे शक्तिशाली कार है। दिल्ली में कार की ऑन-रोड कीमत करीब 69.5 लाख रुपये है। कारों की डिलीवरी के बाद, बीएमडब्ल्यू कंपनी लोकपाल कार्यालय के चालकों और कर्मचारियों के लिए एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि छह नवंबर है। - क्या है लोकपाल भारत का लोकपाल एक भ्रष्टाचार निरोधक प्राधिकरण है, जिसकी स्थापना 2013 में हुई थी। इसका कार्यालय दिल्ली के वसंत कुंज में है। लोकपाल में वर्तमान में एक अध्यक्ष और छह सदस्यों समेत सात सदस्य हैं, जबकि स्वीकृत सदस्यों की संख्या आठ है। वर्तमान में शीर्ष न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अजय माणिकराव खानविलकर लोकपाल के अध्यक्ष हैं। लोकपाल को प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और केंद्र सरकार के समूह ए, बी, सी व डी श्रेणी के अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने का अधिकार है। इसके अलावा यह संसद अधिनियम के तहत स्थापित या केंद्र सरकार से वित्त पोषित बोर्ड, निगम, ट्रस्ट या सोसाइटी के खिलाफ भी जांच कर सकता है। 10 लाख रुपये से अधिक की विदेशी सहायता प्राप्त करने वाली संस्थाओं की भी जांच कर सकता है। राज्यस्तर पर लोकायुक्त होते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




