चिकित्सा पर्यटन के लिए मजबूत इकोसिस्टम बना रहा भारत : नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत में चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है। उन्होंने फिक्की की समिट में कहा कि भारत के कुशल चिकित्सा पेशेवर आधुनिक उपचार प्रदान कर रहे हैं, और यह यात्रा अन्य देशों में भारत के प्रति विश्वास बढ़ाने का एक माध्यम है।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का कहना है कि भारत में ‘चिकित्सा पर्यटन’ को बढ़ावा देने के लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने पर काम किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न मंत्रालयों, नियामक प्राधिकरणों, राज्य सरकारों, मान्यताप्रदाता संस्थानों में समन्वय आसान किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा आयोजित ‘एडवांटेज हेल्थ केयर इंडिया’ समिट करे वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। कहा कि आज भारत के कुशल चिकित्सा पेशेवर विभिन्न बीमारियों का आधुनिक इलाज दे रहे हैं। नड्डा ने कहा कि सरकार चिकित्सा यात्रा को ऐसे माध्यम के तौर पर देखती है, जो भारत के प्रति दूसरे देशों में विश्वास बढ़ाने के साथ लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करता है।
कहा कि यह भारत की स्वास्थ्य सेवाओं का अहम पहलू है, जो हमारी चिकित्सकीय उत्कृष्टता, अंतरराष्ट्रीय मानकों के पालन, पारदर्शी शासन और रोगी केंद्रित देखभाल को लेकर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नड्डा ने भरोसा जताया कि समिट से हितधारकों को सहयोग के नए क्षेत्र तलाशने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ओर हितधारकों को भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवा साझेदार के तौर पर भारत में संभावनाएं तलाशने की अपील की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


