भारत को ‘बुरे पड़ोसियों’ से अपने लोगों की रक्षा का पूरा अधिकार: जयशंकर

Jan 02, 2026 05:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत को 'बुरे पड़ोसियों' से अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जब तक पड़ोसी मुल्क आतंकवाद फैलाएंगे, तब तक वे दिल्ली से पानी नहीं मांग सकते। जयशंकर ने भारत के अच्छे पड़ोसियों के साथ सहयोग और संवाद के महत्व पर भी जोर दिया।

भारत को ‘बुरे पड़ोसियों’ से अपने लोगों की रक्षा का पूरा अधिकार: जयशंकर

चेन्नई, एजेंसी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत को ‘बुरे पड़ोसियों’ से अपने लोगों की रक्षा करने का पूरा अधिकार है। शुक्रवार को आईआईटी मद्रास में शास्त्र-2026 फेस्ट को संबोधित करते हुए ये उन्होंने ये बात कही। बिना पाकिस्तान का नाम लिए उन्होंने कहा, पड़ोसी मुल्क जब तक देश में आतंकवाद फैलाने का काम करेगा तब तक दिल्ली से पानी नहीं मांग सकता। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा भारत अच्छे पड़ोसियों के यहां निवेश कर रहा और जरूरत पड़ने पर मदद कर रहा। चाहे कोरोना महामारी के दौरान टीका हो, ईंधन हो या यूक्रेन को खाद्य सामग्री देनी हो।

आर्थिक संकट के दौरान भारत ने श्रीलंका को चार अरब डॉलर की मदद की। भारत तेजी के साथ तरक्की करने वाला राष्ट्र है और हमारे अधिकतर पड़ोसी ये जानते हैं कि अगर भारत आगे बढ़ेगा तो उन्हें भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, लेकिन जो देश आतंकवाद फैलाएगा ऐसी स्थिति में हमे अपने लोगों की सुरक्षा का पूरा अधिकार है, और इसके लिए जो कुछ करना होगा किया जाएगा। विदेश मंत्री ने स्पष्ट कहा कि भारत के इरादों को गलत समझने की स्थिति से बचने के लिए अन्य देशों के साथ संवाद अहम है। उन्होंने कहा कि लोगों को आपको गलत समझने से रोकने का तरीका संवाद है। अगर आप अच्छी तरह से स्पष्ट और ईमानदारी से संवाद करते हैं तो दूसरे देश और लोग उसका सम्मान करते हैं, उसे स्वीकार करते हैं। भारत को संस्कृति और विरासत पर गर्व विदेश मंत्री ने कहा, दुनियाभर में बहुत से लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत पर गर्व करते हैं। मुझे कोई कारण नहीं दिखता कि हम ऐसा क्यों न करें। उन्होंने कहा कि बहुत कम प्राचीन सभ्यताएं हैं जो आज प्रमुख और आधुनिक राष्ट्र-राज्यों के रूप में अस्तित्व में हैं और भारत उनमें से एक है। हमारे पास अपने अतीत की ऐसी समझ है जो बहुत कम देशों के पास है। लोकतांत्रिक राजनीतिक मॉडल को अपनाने का हमारा ही निर्णय था जिसने लोकतंत्र के विचार को एक सार्वभौमिक राजनीतिक अवधारणा बनाया। पश्चिम के साथ साझेदारी बेहद अहम अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर जयशंकर ने कहा कि पश्चिम के साथ साझेदारी अहम है। देशों ने घरेलू स्तर पर विकास करने और उसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ाव से प्रगति की है। अंतरराष्ट्रीय परिवेश का ऐसे उपयोग किया गया जिससे उन्हें लाभ भी मिला और उनका योगदान भी रहा। उन्होंने कहा कि जब हम 'वसुधैव कुटुंबकम' कहते हैं, तो इसका अर्थ है कि हमने कभी भी दुनिया को शत्रुतापूर्ण या ऐसे प्रतिकूल स्थान के रूप में नहीं देखा, जिससे हमें केवल रक्षात्मक रूप से स्वयं को बचाना पड़े। सीमित संसाधानों का समाधान जरूरी विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि हमारे संसाधन सीमित हैं। सीमित संसाधनों के साथ आप अधिक प्रभाव कैसे डाल सकते हैं? वास्तव में यही वह समस्या है जिसका समाधान करना जरूरी है। आज भारतीय विदेश नीति और कूटनीति में हम इसी समस्या को हल करने की कोशिश कर रहे। हम अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता और ताकत का उपयोग करते हुए और अन्य संस्थानों व संभावनाओं का लाभ उठाते हुए ऐसा करने की कोशिश करते हैं। इसी के जरिए भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समस्याओं का समाधान संभव है। बांग्लादेश से फिर सामान्य होंगे रिश्ते बांग्लादेश को लेकर विदेश मंत्री ने कहा कि भारत आगामी चुनावों को लेकर शुभकामनाएं देता है। उम्मीद है चुनावों में सब कुछ ठीक होगा, एक बार जब सब चीजें सामान्य होंगी तो अच्छे पड़ोसी का दौर फिर शुरू होगा। अफगानिस्तान को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे संबंध पुराने हैं। आज के समय में वे जिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं उसको लेकर निरंतर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि समय के साथ सबकुछ ठीक होगा। भारत पूरी दुनिया को साथ लेकर चलने का पक्षधर है। अरुणाचल प्रदेश हमेशा हमारा हिस्सा शंघाई एयरपोर्ट पर चीनी अधिकारियों द्वारा अरुणाचल प्रदेश की महिला को हिरासत में लेने की रिपोर्ट पर उन्होंने कहा कि भारत ने इसको लेकर विरोध जताया था। अरुणाचल प्रदेश हमेशा से भारत का हिस्सा रहा है और रहेगा। हम उम्मीद करते हैं कि सभी देश कानून और नियमों का सम्मान करेंगे। निजी जीवन पर उन्होंने कहा कि मेरे जीवन में छुट्टी नाम की कोई चीज नहीं है। ऐसा कुछ नहीं है कि सोमवार से शुक्रवार काम करूं और दुनिया चलती रहती हैं और मैं भी साथ चलता हूं। .........

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;