
जनवरी से छह महानगरों में 24 घंटे में मिलेगी स्पीड डिलीवरी की सुविधा
संक्षेप: - शुरुआत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बैंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद में शुरू होगी सेवा
भारतीय डाक विभाग जनवरी 2026 से बुकिंग के 24 घंटे में स्पीड पोस्ट की डिलीवरी उपलब्ध कराएगा । 24 स्पीड पोस्ट नाम से शुरू की जाने वाली इस सेवा की शुरूआत सबसे पहले छह महानगरों में शुरू होगी। उसके बाद इसका दायरा बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में स्पीड पोस्ट को प्राप्त होने में 3–5 दिन तक का समय लगता है। इसी तरह से 48 स्पीड पोस्ट नाम से भी एक नई सेवा शुरू की जाएगी, जिसके जरिए तय समय के भीतर गारंटीड डिलीवरी दी जाएगी। यह सेवा मेट्रो शहरों और राज्य की राजधानियों के बीच होगा। इन दोनों सेवाओं के तहत तय समय पर डिलिवरी को सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग द्वारा ट्रायल प्रक्रिया की जा रही है।

सिस्टम को भी उसी तरह से अपडेट किया जा रहा है और डाक विभाग ट्रांसपोर्ट सेवा को भी व्यवस्थित कर रहा है, जिससे कि इन दोनों सेवाओं के माध्यम से बुक होने वाली स्पीड पोस्ट को निर्धारित समय में गंतव्य स्थल तक पहुंचा जा सके। डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि सेवा की शुरूआत दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बैंगलुरु, हैदराबाद से होगी। उसके बाद सेवा को राज्यों की राजधानी व अन्य क्षेत्रों के बीच शुरू किया जाएगा। अभी तक ट्रायल प्रक्रिया चल रही है, जिसके परिणाम सकारात्मक हैं। अगले कुछ दिनों के अंदर अंतिम रूप से तय किया जाएगा कि जनवरी में किसी तिथि से दोनों सेवाओं की शुरूआत की जाएगी। ----------- तय समय पर डिलीवरी नहीं होने पर मिलेगा रिफंड अधिकारी बताते हैं कि यह सेवा बेहद सुरक्षित होगी, जिसमें बुकिंग के दौरान मोबाइल नंबर देना होगा। इससे जब डाकिया डिलीवरी देने जाएगा तो बुकिंग के वक्त दिए गए नंबर पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) जाएगा, जिसका सत्यापन करने के बाद बुक किया गया सामान डिलीवर किया जाएगा। इतना ही नहीं, अगर किसी तकनीकी कारण से डिलीवरी तय समय पर नहीं हो पाती है तो बुकिंग धनराशि रिफंड की जाएगी। इसका मतलब है कि अगर कोई सामान 24 घंटे या फिर 48 घंटे स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से बुक किया जाता है और उसकी डिलीवरी निर्धारित समय पर नहीं होती है तो धनराशि वापस की जाएगी, लेकिन पता सही है तो सामान की डिलीवरी तय पत कर दी जाएगी। ---------------------- मार्च तक आठ सेवाएं की जाएगी शुरू बीते महीने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग अगले वर्ष आठ नई सेवाओं को शुरू करेगा, जिनमें से पांच सेवाएं जनवरी में शुरू होगी। जबकि तीन सेवाएं मार्च 2026 में शुरू किया जाएगा। इन सेवाओं के जरिए डाक विभाग में बड़ा बदलाव आएगा। स्पीड की सेवा को ओर बेहतर करने जा रहा है, जिसमें एक निश्चित समय में डिलीवरी मिलेगी। सरकार का लक्ष्य 2029 तक भारतीय डाक को लागत केंद्र से लाभ केंद्र में बदलना है। इसके लिए लगातार बदलाव किए जा रहे हैं और सेवाओं को बेहतर किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




