Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsIndia Post Payments Bank to Offer Digital Life Certificate Services to EPFO Pensioners
ईपीएफओ पेंशनधारकों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवा

ईपीएफओ पेंशनधारकों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवा

संक्षेप: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने ईपीएफओ पेंशनधारकों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएं प्रदान करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सेवा 1.65 लाख डाकघरों और तीन लाख डाक सेवा प्रदाताओं के नेटवर्क का लाभ उठाकर होगी। इससे पेंशनधारकों को ऑनलाइन सत्यापन में मदद मिलेगी।

Mon, 3 Nov 2025 10:26 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, एजेंसी। सार्वजनिक क्षेत्र के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, ईपीएफओ पेंशनधारकों को उनके घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएं प्रदान करेगा। दोनों संगठनों के बीच इसको लेकर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस सहयोग के तहत, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) अपने 1.65 लाख से अधिक डाकघरों और तीन लाख डाक सेवा प्रदाताओं (डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक) के व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाएगा, जो बैंकिंग उपकरणों से लैस हैं। ये उपकरण चेहरे की पहचान तकनीक और 'फिंगरप्रिंट' बायोमेट्रिक सत्यापन की डिजिटल प्रक्रिया के लिए उपयोग किए जाते हैं ताकि ईपीएफओ पेंशनधारकों को उनके डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में सहायता मिल सके।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बयान में कहा गया, 'इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के तहत अपने पेंशनधारकों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएं प्रदान करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।' डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) पेंशनधारकों को हर साल सत्यापन के लिए कार्यालय आने के बजाय ऑनलाइन सत्यापन करने में मदद करता है। इससे उन्हें पारंपरिक कागज-आधारित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक शाखाओं या ईपीएफओ कार्यालयों में जाने की जरूरत समाप्त हो जाती है। ईपीएफओ के 73वें स्थापना दिवस के दौरान आईपीपीबी के प्रबंध निदेशक और सीईओ आर विश्वेश्वरन और ईपीएफओ के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (सीपीएफसी) रमेश कृष्णमूर्ति के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। बयान में कहा गया, ''ईपीएफओ डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने का पूरा खर्च वहन करेगा। इससे यह सेवा उनके पेंशनधारकों के लिए निःशुल्क होगी।'' इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने जीवन प्रमाण पत्र जारी करने में लगने वाले समय को कम करने के लिए आधार सक्षम बायोमेट्रिक सत्यापन का उपयोग करके पेंशनधारकों के लिए जीवन प्रमाण पत्र बनाने को 2020 में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की डोरस्टेप सेवा शुरू की थी।