एआई समिट:: कोडिंग और डेटा एनालिसिस में चैटजीपीटी के उपयोग में भारत सबसे आगे
ओपनएआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारत तकनीकी कार्यों में चैटजीपीटी के उपयोग में वैश्विक स्तर पर सबसे आगे है। भारतीय उपयोगकर्ता कोडिंग और डेटा विश्लेषण में औसत से कहीं अधिक सक्रिय हैं। तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में एआई का सबसे अधिक उपयोग किया जा रहा है। 18 से 34 वर्ष के युवा वर्ग में एआई का उपयोग अधिक है।

नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिकी कंपनी ओपनएआई ने शुक्रवार को कहा कि तकनीकी कार्यों के लिए चैटजीपीटी के उपयोग में भारत वैश्विक स्तर पर सबसे आगे है। भारत में डेटा विश्लेषण का उपयोग वैश्विक औसत से लगभग चार गुना अधिक है, जबकि कोडिंग के लिए कोडेक्स का उपयोग करीब तीन गुना ज्यादा है। कंपनी के अनुसार, भारतीय उपयोगकर्ता वैश्विक औसत की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक कोडिंग से जुड़े सवाल पूछते हैं और शिक्षा व सीखने से जुड़े लगभग दोगुने प्रश्न करते हैं। राज्यों की बात करें, तो तेलंगाना में सबसे ज्यादा लोग कोडिंग के लिए एआई का इस्तेमाल करते हैं।
इसके बाद कर्नाटक और तमिलनाडु का स्थान है। ओपनएआई के मुख्य अर्थशास्त्री रॉनी चटर्जी ने कहा कि एआई को अपनाने की रफ्तार इतनी तेज है कि उसे माप पाना भी चुनौती बन गया है। हमारी कोशिश है कि वास्तविक आंकड़ों के आधार पर चर्चा हो, ताकि भारत में एआई पर बहस तथ्यों पर आधारित हो, न कि केवल प्रचार पर। कंपनी के अनुसार, एआई का उपयोग युवा वर्ग में अधिक केंद्रित है। 18 से 24 वर्ष के लोग कुल संदेशों का लगभग आधा हिस्सा भेजते हैं, जबकि 18 से 34 वर्ष आयु वर्ग के लोग उपभोक्ता संदेशों का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा हैं। - 35 प्रतिशत लोग दैनिक कार्यों के लिए करते है इस्तेमाल भारत में काम से जुड़े उपयोग का स्तर भी वैश्विक औसत से अधिक है। भारत में लगभग 35 प्रतिशत उपयोग कार्य से संबंधित है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह लगभग 30 प्रतिशत है। ऑफिस में लोग मुख्य रूप से लिखने और संपादन करने और तकनीकी सहायता के लिए एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, ऑफिस के बाहर लगभग 35 प्रतिशत संदेश व्यावहारिक मार्गदर्शन से जुड़े होते हैं, जबकि लगभग 20-20 प्रतिशत संदेश सामान्य जानकारी और लेखन कार्यों से संबंधित होते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


