
खेल : टीम इंडिया की साख दांव पर
भारत की टीम आज विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निर्णायक वनडे मुकाबला खेलेगी। 38 साल में पहली बार घर में टेस्ट और वनडे सीरीज हारने का खतरा है। कोहली के शानदार फॉर्म और गेंदबाजों के प्रदर्शन पर निर्भरता रहेगी। दोनों टीमों के लिए यह मैच जीतना महत्वपूर्ण है।
शोल्डर : दक्षिण अफ्रीका से तीसरा और निर्णायक मुकाबला आज विशाखापत्तनम में, 38 साल में पहली बार घर में एक साथ टेस्ट और वनडे सीरीज हारने का खतरा विशाखापत्तनम, एजेंसी। टेस्ट में क्लीन स्वीप के बाद अब टीम इंडिया के सामने वनडे सीरीज वचाने की सबसे बड़ी चुनौती है। शनिवार को विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे में मेजबान टीम की साख दांव पर होगी। पिछले 38 साल में पहली बार भारतीय टीम को घर में एक साथ टेस्ट और वनडे सीरीज हारने के दाग से बचना है तो उसके गेंदबाजों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

भारतीय टीम को घरेलू सरजमीं पर पिछली बार पाकिस्तान ने 1986-87 में टेस्ट में 1-0 से हारने के बाद वनडे सीरीज में 5-1 से हराया था। अब दक्षिण अफ्रीकी टीम दोहरी सफलता हासिल करने को बेताब होगी। हालांकि 2021-2022 में दक्षिण अफ्रीकी टीम यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है। तब उसने अपने घर में भारतीय टीम को टेस्ट में 2-1 और वनडे में 3-0 से शिकस्त दी थी। शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली को युवा बल्लेबाजों का अच्छा साथ मिल रहा है। पिछले मैच में गायकवाड़ ने अपना योगदान दिया था। उन्होंने अपना पहला वनडे शतक लगाया था। हालांकि यशस्वी जायसवाल अभी सीरीज में सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी क्षमता का प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बाएं हाथ का यह युवा खिलाड़ी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने के लिए उत्सुक होगा। उन्हें बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ जूझना पड़ रहा है। फिर चाहे वह वेस्टइंडीज के जेडन सील्स हों या इस सीरीज में यानसेन और बर्गर। वह अपने करियर में 30 बार बाएं हाथ के गेंदबाजों का शिकार बने हैं। रोहित भी बड़ी पारी खेलने को बेताब होंगे। गायकवाड़ चौथे क्रम पर अपनी जगह मजबूत करना चाहेंगे। कप्तान केएल राहुल ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी भारत के लिए कमजोर कड़ी साबित हो रही है। उसके गेंदबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। अब भारत को उम्मीद होगी कि उनके युवा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध और राणा अच्छा प्रदर्शन करेंगे और प्रभावशाली अर्शदीप सिंह का पूरा साथ देंगे। कुलदीप, सुंदर और जडेजा भी फिरकी का कमाल दिखाना चाहेंगे। भारतीय टीम में बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम भी सीरीज जीतने की पुरजोर कोशिश करेगी। टीम को मार्करम, मैथ्यू ब्रेटज्के, ब्रेविस के साथ कप्तानी बावुमा से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। --------------------- कोहली बनाम यानसेन भारतीय टीम को किंग कोहली से एक और अच्छी पारी की उम्मीद होगी। कोहली लगातार दो शतक जड़ चुके हैं। वह अपने करियर में पहली बार शतकों की हैट्रिक लगाने की कोशिश में होंगे। विशाखापत्तनम के अपने पसंदीदा स्टेडियम में कोहली अपने चमकदार करियर में एक और अध्याय जोड़ना चाहेंगे। वह यहां तीन शतकों से 97.83 की औसत से रन बना चुके हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर मार्को यानसेन उनकी राह रोकने की कोशिश करेंगे। अगर नरेंद्र बर्गर चोट से उबर नहीं पाते हैं तो वह नई गेंद संभाल सकते हैं। ऐसे में वह कोहली के साथ ही रोहित पर भी दबाव बनाना चाहेंगे। बाएं हाथ का पेसर 34.75 की औसत और 6.95 की इकोनॉमी से टीम के लिए सर्वाधिक चार विकेट ले चुका है। ----------------- टॉस फिर होगा बॉस सीरीज के निर्णायक मैच में भी टॉस अहम भूमिका निभाएगा। भारतीय टीम वनडे में लगातार 20 टॉस हारकर पहले ही अनचाहा रिकॉर्ड बना चुकी है। टीम ने पिछला टॉस वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में जीता था। ऐसे में राहुल अगर फिर से टॉस हारते हैं तो ओस के चलते बाद में गेंदबाजी करना आसान नहीं होगा। वैसे भी भारत में वनडे मुकाबलों ओस का बड़ा रोल होता है। खासकर अब जबकि 34 से 50 ओवर के बीच सिर्फ एक ही गेंद ही इस्तेमाल की जा सकती है। दोपहर में गेंदबाजी करने वाली टीम को पुरानी, नरम गेंद इस्तेमाल करने का फायदा मिलता है, जो रात में ओस के चलते बेअसर हो जाती है। इसका बानगी रायपुर में देखने को मिली। दक्षिण अफ्रीका 34 ओवर के बाद भारत से 35 रन से पीछे था। ----------------------- प्रसारण : 1:30 बजे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर -------------------- पिच रिपोर्ट एसीए-वीडीसीए स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल होती है। रनों की खूब बरसात होगी। मौसम बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 28° डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19° डिग्री सेल्सियस रहेगा। ----------------- भारत 33 माह बाद विशाखापत्तनम में खेलेगा भारतीय टीम 33 माह बाद विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेलेगी। उसने पिछला मुकाबला मार्च 2023 में रोहित शर्मा की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया से खेला था। इसमें मेजबान टीम को दस विकेट से हार मिली थी। टीम ने यहां 10 मुकाबले खेले हैं जिसमें से सात जीते और दो हारे हैं। एक टाई रहा है। वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम पहली बार यहां खेलेगी। --------------- आमने-सामने कुल मैच : 96 भारत जीता : 41 दक्षिण अफ्रीका जीता : 52 बेनतीजा : 3 ----------------- बाक्स भारत कड़ी टक्कर देगा : ब्रेट्ज्के विशाखापत्तनम। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रेट्ज्के अच्छी तरह जानते हैं कि भारतीय टीम निर्णायक मुकाबले में कड़ी चुनौती पेश करेगा। हालांकि उन्हें इससे पार पाने के लिए अपनी संतुलित बल्लेबाजी पर भरोसा है। उन्होंने शुक्रवार को कहा, हम जानते हैं कि हमें एक बहुत अच्छी टीम का सामना करना होगा। हमें पता है कि वह जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह एक ऐसा मैच है जिसमें दोनों टीम के लिए जीत हासिल करना जरूरी है। इसलिए यह एक बहुत अच्छा मुकाबला होने वाला है। हमारी टीम में अच्छा संतुलन है। हमारे निचले क्रम में कुछ खिलाड़ी अच्छे बल्लेबाज हैं। हमारे पास ब्रेविस, यानसेन और कॉर्बिन जैसे खिलाड़ी हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे के पूरक हैं। अभी हमारे बल्लेबाज आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और हमें कल फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




