खेल : जीत से अभियान खत्म करना चाहेगी भारतीय टीम
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी-20 मैच में जीत के साथ सीरीज खत्म करना चाहती है। पहले ही 1-3 से सीरीज जीत चुकी टीम को पिछले मैच में मिली हार से सबक लेना होगा। ओपनर संजू सैमसन और अक्षर पटेल पर सभी की नजरें रहेंगी।

पांचवां टी-20 तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। भारतीय टीम शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी-20 में जीत के साथ अपना अभियान खत्म करना चाहेगी। पहले ही 1-3 से सीरीज जीत चुकी भारतीय टीम पिछले मैच में मिली हार से सबक सीखकर फिर से वापसी करने उतरेगी। विश्व कप से पहले यह टीम का आखिरी मुकाबला है। ऐसे में सभी की निगाहें ओपनर संजू सैमसन और अक्षर पटेल पर रहेंगी। सैमसन अपने घरेलू दर्शकों के सामने बड़ी पारी खेलकर टीम में अपनी जगह बरकरार रखने के लिए पूरी जी जान लगा देंगे। अपनी निर्भीक बल्लेबाजी के लिए मशहूर संजू अभी तक सीरीज में कोई कमाल नहीं कर पाए हैं।
फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय है। इससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है। अपने समर्थकों के सामने शायद वह अपनी खोई हुई लय को फिर से प्राप्त कर लें। बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो से यह स्पष्ट हो गया कि वह देश के इस हिस्से में सुपरस्टार हैं। कप्तान सूर्यकुमार को हवाई अड्डे के निकास द्वार पर अपने 'चेट्टा' (बड़े भाई) के लिए मजाक में रास्ता साफ करते हुए देखा गया, जहां सैकड़ों प्रशंसक सैमसन और उनके साथियों की एक झलक पाने के लिए कतार में खड़े थे। अक्षर भी चोट से उबरकर फिटनेस साबित करने की कोशिश करेंगे। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। ईशान किशन भी वापसी के लिए तैयार होंगे। वह चौथे मैच में नहीं खेले थे। भारतीय टीम ने विशाखापत्तनम में प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया। ऑलराउंडर हार्दिक और शिवम से गेंदबाजी नहीं करवाई। टीम गेंदबाजी में फिर फेरबदल कर सकती है। पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है। बल्लेबाजी में ज्यादा बदलाव की गुजांइश नहीं है। हालांकि पिछले मैच में जिस तरह से बल्लेबाजी धराशायी हुई थी वह चिंता का विषय है। दुबे ने अगर तूफानी अर्धशतकीय पारी न खेलते तो हालात और बुरे होते। बल्लेबाजों को बड़ी पारियां खेलनी होंगी। वहीं न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरी जीत के साथ विदा होना चाहेगी। टीम हालांकि गेंदबाजी में सुधार की उम्मीद कर रही होगी। उसके प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन टीम में शामिल है लेकिन वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं या नहीं, यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। ---------- प्रसारण : शाम : 7:00 बजे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर ---------------------- बाक्स सूर्य तीन हजारी बनने 33 रन दूर कप्तान सूर्यकुमार तीन हजार रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बनने से 33 रन दूर हैं। वह 103 मैचों में 164.74 की स्ट्राइक रेट और चार शतकों से 2967 रन बना चुके हैं। अभी तक रोहित शर्मा (4231) और कोहली (4188) ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं। --------------- आमने-सामने कुल मैच : 29 भारत जीता : 17 न्यूजीलैंड जीता : 11 टाई : 1 ------------- नंबर गेम -4 मैच भारत ने ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले हैं जिसमें से तीन जीते और एक हारा है -9 साल बाद दोनों टीमें यहां खेलेंगी। भारत ने 2017 में न्यूजीलैंड को छह रन से हराया था ------------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



