खेल : अफगानिस्तान ए की भारत पर चार रन से उलटफेर भरी जीत
त्रिकोणीय सीरीज दांबुला, एजेंसी। सितारों से सजी भारत ए टीम को गुरुवार को त्रिकोणीय

त्रिकोणीय सीरीज दांबुला, एजेंसी। सितारों से सजी भारत ए टीम को गुरुवार को त्रिकोणीय वनडे सीरीज के बारिश से बाधित दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ए के हाथों डकवर्थ लुईस पद्धति से चार रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। भारत ए ने कप्तान तिलक वर्मा (66), उपकप्तान रुतुराज गायकवाड़ (66) और प्रभसिमरन सिंह (84) के अर्धशतकों से नौ विकेट पर 349 रन बनाए। हल्की बूंदाबांदी के कारण मैच प्रति टीम 49 ओवर का कर दिया गया।
अफगानिस्तान ए की पारी
बार-बार बारिश के कारण खेल बाधित होने के बाद अफगानिस्तान ए को 38 ओवर में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। कप्तान इमरान (नाबाद 75) और हसन इसाखिल (34) ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़कर अफगानिस्तान को आक्रामक शुरुआत दी। बहीर शाह (51) और इमरान ने मिलकर टीम को 25.5 ओवर में दो विकेट पर 177 रन तक पहुंचा दिया तब फिर से बारिश शुरू हो गई और दोबारा खेल नहीं हुआ। उस समय डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर अफगानिस्तान लक्ष्य से चार रन आगे था।
भारत ए की शुरुआत
इससे पहले भारत की शुरुआत अच्छी रही। वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 44 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक भी छक्का लगाए बिना टी-20 स्टाइल में 200 का स्ट्राइक रेट कायम रखा। उन्होंने और प्रभसिमरन के साथ पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन जोड़े। सूर्यवंशी ने ऑफ स्टंप के बाहर खड़े अब्दुल्ला अहमदजइ के बाउंसर पर विकेट के पीछे मोहम्मद इशाक को कैच थमाया। प्रभसिमरन ने गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। वह हालांकि शतक से चूक गए और इमरान मीर की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। इसके बाद गायकवाड़ और तिलक ने 78 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ और आयुष बडोनी लगातार दो गेंदों पर फरमानुल्लाह सफी का शिकार हुए। इससे भारत का स्कोर पांच विकेट पर 245 रन हो गया। तिलक ने सूर्यांश शेडगे (40) के साथ छठे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर भारत को 300 रन के पार पहुंचाया। अनूकुल रॉय ने नाबाद 16 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से अहमदजइ ने पांच और फरमानुल्लाह ने तीन विकेट चटकाए।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


