मध्य पूर्व तनाव से कारण कई उड़ाने रद, यात्रा प्रभावित
- यात्रियों ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द -दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी,

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता ईरान और मध्य पूर्व में तेजी से बदलते हालात का असर भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का संचालन करने वाली संस्था दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने यात्री परामर्श जारी करते हुए कहा है कि इन क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति और कई देशों के एयरस्पेस बंद होने के कारण पश्चिम दिशा की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी, मार्ग परिवर्तन या उसे रद करने की स्थिति बन गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट व सोशल मीडिया चैनलों पर ही भरोसा करें।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा है कि पश्चिम दिशा की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में व्यवधान या समय-सारणी में बदलाव संभव है। जारी सलाह में यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइनों से उड़ान की ताजा स्थिति अवश्य जांच लें। उड़ानों से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए यात्रियों को आधिकारिक वेबसाइट https://www.newdelhiairport.in पर विजिट करने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने का अनुरोध करते हुए कहा है कि स्थिति से संबंधित सत्यापित अपडेट केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर उड़ानों के संचालन में समायोजन किया जा सकता है। इस बीच इंडिगो ने ने बयान जारी कर कहा है कि वह ईरान और आसपास के हवाई क्षेत्र से जुड़े घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि परिस्थितियों के अनुसार परिचालन में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे और प्रभावित यात्रियों को पंजीकृत संपर्क विवरण पर सूचित किया जाएगा। संयुक्त अरब अमीरात ने कई क्षेत्रीय एयरस्पेस बंद होने के चलते दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने कहा है कि वह संबंधित प्राधिकरणों के संपर्क में है और प्रभावित यात्रियों को रीबुकिंग, रिफंड या वैकल्पिक यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं एयर इंडिया ने मध्य पूर्व के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अगली सूचना तक स्थगित कर दी हैं। एयर इंडिया ने यात्रियों को 24x7 कॉल सेंटर और आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपडेट लेने की सलाह दी है। आकासा ने 28 फरवरी 2026 को अबू धाबी, दोहा और जेद्दा के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी है। एयरलाइन ने कहा है कि वह प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा कर यात्रियों को सूचित करेगी। ----------- यात्रियों से सोशल मीडिया पर जताई चिंता मध्य पूर्व के हालात और उड़ाने रद होने की घोषणाओं के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यात्रियों की चिंता और नाराजगी सामने आई है। कई यात्रियों ने उड़ान रद्द होने के कारण ट्रांजिट में फंसे होने, होटल बुकिंग और कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने की शिकायतें दर्ज की हैं। कुछ यात्रियों ने प्रक्रिया में देरी और कॉल सेंटर पर लंबी प्रतीक्षा का भी उल्लेख किया है। हालांकि एयरलाइनों के आधिकारिक हैंडल से प्रभावित यात्रियों को व्यक्तिगत संदेश भेजकर सहायता और वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन दिया जा रहा है। एक यात्री ने 1 मार्च के अपने जेद्दा की फ्लाइट का अपडेट सोशल मीडिया एक्स पर पूछा है। जिसके जवाब में एयर इंडिया ने कहा है कि वह फ्लाइट रद कर दी गई है। वहीं एक यात्री रितेश सिंह ने अपने पीएनआर नंबर के साथ लिखा है कि मेरी पटना से दिल्ली होते हुए दुबई के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट है। मैं पटना से दिल्ली की उड़ान में सवार होकर दिल्ली पहुंच चुका हूं मेरे साथ मेरे परिवार के तीन अन्य सदस्य भी यात्रा कर रहे हैं। एक अन्य यूजर ने इंडिगो को टैग करते हुए एक्स पर लिखा है कि मुझे ईमेल या फोन के माध्यम से कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, जबकि फ्लाइट की स्थिति रद्द दिखा रही है। कृपया बताएं कि ऐसी स्थिति में मुझे क्या करना चाहिए। इन प्रमख एयरलाइंस ने जारी किया है हेल्पलाइन नंबर आकासा एयर हेल्पलाइन फ्लाइट स्टेटस के लिए इस लिंक पर जाएं- http://bit.ly/qpfltsts 24x7 अकासा केयर सेंटर: 91 9606 112131 वेबसाइट: https://www.akasaair.com इंडिगो हेल्पलाइन फ्लाइट स्टेटस व रीबुकिंग के लिए https://www.goindigo.in कस्टमर केयर: 91 124 6173838 91 124 4973838 ------ एयर इंडिया हेल्पलाइन फ्लाइट स्टेटस के लिए यहां देखें- https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html वेबसाइट: http://airindia.com 24×7 कॉल सेंटर: 91 1169329333 91 1169329999
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



