युद्ध वैश्विक वृद्धि की गति को धीमा करेगा: आईएमएफ
अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) ने चेतावनी दी है कि ईरान युद्ध से वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है और आर्थिक वृद्धि की रफ्तार धीमी होगी। आईएमएफ की प्रमुख ने कहा कि अगले सप्ताह नए पूर्वानुमान में वृद्धि की उम्मीद कम की जाएगी। पिछले साल की तुलना में युद्ध ने तेल और गैस की कीमतों को बढ़ा दिया है।

वाशिंगटन, एजेंसी। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) ने बृहस्पतिवार को आगाह किया कि ईरान युद्ध विश्व अर्थव्यवस्था के परिदृश्य को प्रभावित कर रहा है और इससे आर्थिक वृद्धि की रफ्तार धीमी होगी। आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टलीना जॉर्जीवा ने कहा कि मुद्राकोष अगले सप्ताह विश्व अर्थव्यवस्था के लिए अपने अनुमान को कम करेगा। उन्होंने अगले सप्ताह होने वाली आईएमएफ-विश्व बैंक की बैठकों से पहले अपने संबोधन में कहा, ''अगर यह झटका न लगा होता, तो हम वैश्विक वृद्धि के पूर्वानुमान को बढ़ा रहे होते। लेकिन अब हम... वृद्धि के अनुमान में कमी करने जा रहे हैं।''पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दुनिया के अधिकतर देशों से आयात पर व्यापक कर लगाने के फैसले के बावजूद विश्व अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखायी थी।
जनवरी में, 191 देशों की सदस्यता वाले अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष ने वैश्विक वृद्धि के अनुमान को बढ़ाकर 3.3 प्रतिशत कर दिया था और अगले मंगलवार को अपने नए पूर्वानुमान जारी करते समय इसे फिर से बढ़ाने के लिए तैयार था। लेकिन 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध ने सब कुछ बदल दिया। इस संघर्ष ने तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों को बढ़ा दिया, तेल रिफाइनरियों, टैंकर टर्मिनल और अन्य ऊर्जा बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचाया, दुनिया भर के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उर्वरक की आपूर्ति बाधित की और कंपनियों तथा उपभोक्ताओं के भरोसे को ठेस पहुंचाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


