
खेल पेज....बांग्लादेश बोर्ड पर दंड नहीं लगाएगा आईसीसी
आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर भारत में टी-20 विश्व कप मैच खेलने से इनकार करने पर कोई दंड नहीं लगाने का निर्णय लिया है। बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिलेगी। आईसीसी ने कहा कि यह निर्णय बातचीत के बाद लिया गया है और बांग्लादेश के क्रिकेट विकास के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दुबई, एजेंसी। आईसीसी ने सोमवार को कहा कि भारत में टी-20 विश्व कप मैच खेलने से इनकार पर वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) पर कोई दंड नहीं लगाएगा। आईसीसी ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच में एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी दी जाएगी। आईसीसी ने कहा कि बीसीबी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। आईसीसी ने एक बयान में कहा, इस पर रजामंदी बनी है कि मौजूदा मसले के संदर्भ में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी तरह का आर्थिक, खेल संबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा। इसमें कहा गया कि बीसीबी को विवाद निपटान समिति के पास जाने का अधिकार है।
आईसीसी के मौजूदा नियमों के तहत यह अधिकार बरकरार है। आईसीसी ने कहा कि उसका नजरिया निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है और यह सजा देने के बजाय मदद करने के साझा मकसद को दिखाता है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में विश्व कप खेलने से इनकार कर दिया था जिसकी जगह स्कॉटलैंड खेल रहा है। आईसीसी ने कहा, इस समझ के तहत एक समझौता हुआ है कि बांग्लादेश पुरुष विश्व कप 2031 से पहले आईसीसी के एक टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा, जो आईसीसी की सामान्य मेजबानी प्रक्रिया, समयसीमा और परिचालन संबंधी जरूरतों के मुताबिक तय होगा। आईसीसी ने कहा कि यह कदम मेजबान के तौर पर बांग्लादेश की काबिलियत में भरोसे को दिखाता है और देश में क्रिकेट के विकास के लिए अपने सदस्यों को मेजबानी के सार्थक मौके देने की आईसीसी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी संजोग गुप्ता ने कहा, आईसीसी टी-20 पुरुष विश्व कप में बांग्लादेश का न होना खेदजनक है लेकिन इससे प्रमुख क्रिकेट देश के रूप में बांग्लादेश के प्रति आईसीसी की स्थायी प्रतिबद्धता में कोई बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा, हम बीसीबी समेत अपने सभी हितधारकों के साथ काम करने पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं ताकि देश में खेल का समेकित विकास हो और उसके खिलाड़ियों को भविष्य में मौके मिलें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




