
संपादित----सीए के छात्र प्रशिक्षण का ब्यौरा ई-डायरी में दर्ज करेंगे
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) ने सीए छात्रों के लिए ई-डायरी का निर्माण किया है, जिससे वे अपनी उपस्थिति और कार्यों का विवरण डिजिटल रूप से दर्ज कर सकेंगे। यह नई पहल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी। ई-डायरी का उपयोग सभी नए सीए छात्रों के लिए अनिवार्य है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। देश-दुनिया में तेजी से हो रहे डिजिटल बदलाव को देखते हुए भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) ने प्रशिक्षण ले रहे सीए छात्रों को अपनी उपस्थिति और किए गए कार्यों का विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। छात्र इसे ई-डायरी में दर्ज कर सकते हैं। नए वर्ष में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग शुरू करने वाले सभी सीए छात्रों के लिए यह अनिवार्य है। सीए छात्र किसी अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट के अधीन प्रशिक्षण लेते हैं। इसमें छात्र ऑडिट, टैक्सेशन (आयकर, जीएसटी), अकाउंटिंग, कंपनी कानून, फाइनेंशियल रिपोर्टिंग और कंसल्टेंसी जैसे कार्यों में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होते हैं। इसे आर्टिकल्ड ट्रेनिंग कहा जाता है।
संस्थान का कहना है कि ई-डायरी (डिजिटल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग डायरी) के जरिए तकनीक का उपयोग करते हुए ट्रेनिंग में एकरूपता, पारदर्शिता और डिजिटल निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। यह पहल आईसीएआई के बोर्ड ऑफ स्टडीज और स्टूडेंट सर्विसेज निदेशालय द्वारा की गई है, ताकि छात्रों की स्किल मैपिंग हो सके और ट्रेनिंग की गुणवत्ता बेहतर बने। आईसीएआई के अध्यक्ष सीए चरणजीत सिंह नंदा ने कहा कि ई-डायरी से छात्रों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का डिजिटल और प्रमाणित रिकॉर्ड बनेगा। इससे समय की बचत होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और ट्रेनिंग अधिक व्यवस्थित व भविष्य के अनुरूप बनेगी। ई-डायरी की विशेषताएं -छात्र रोजाना अपनी उपस्थिति और किए गए कार्यों को डिजिटल रूप से दर्ज करेंगे - स्टाइपेंड (वेतन) का विवरण भुगतान के बाद सिस्टम में दिखेगा - हर 15 दिन में कार्य विवरण जमा करना होगा। - ई-डायरी में लॉग-इन एसएसपी (सेल्फ सर्विस पोर्टल) से होगा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




