सर्वाइकल कैंसर से बचाव को पहले दिन दिल्ली में 23 बच्चियों को लगा एचपीवी का टीका
दिल्ली में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में 14 वर्ष की बच्चियों को टीका लगाया गया। 23 स्कूली बच्चियों को पहले दिन टीका लगा। स्वास्थ्य विभाग ने 1.60 लाख बच्चियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। टीकाकरण तीन महीने तक चलेगा।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए दिल्ली में भी एचपीवी (ह्यूमेन पेपिलोमा वायरस) टीकाकरण का शुभारंभ हो गया। शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह की मौजूदगी में जीटीबी अस्पताल में 14 वर्ष की उम्र की दो बच्चियों को टीका लगाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोनों बच्चियों को टीकाकरण के प्रमाण पत्र के साथ फूड बास्केट उपहार में दी। पहले दिन सिर्फ जीटीबी अस्पताल में ही टीकाकरण किया गया। कुल 23 स्कूली बच्चियों को एचपीवी का टीका लगा। उन सभी को 30 मिनट तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।
इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक जानलेवा बीमारी है। किशोरावस्था में बच्चियों को एचपीवी का टीका दिए जाने से उन्हें आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर से बचाया जा सकता है। एचपीवी का टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में 93 प्रतिशत प्रतिशत असरदार है। इससे हजारों महिलाओं की जान बचेगी। दिल्ली में 14 से 15 वर्ष के बीच की उम्र की 1.60 लाख बच्चियां हैं। उन सभी बच्चियों को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। तीन महीने तक यह टीकाकरण अभियान चलेगा। इसमें शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सभी मिलकर काम करेंगे। घर-घर तक जाकर बच्चियों को यह टीका लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ताकि सभी पात्र बच्चियों का टीकाकरण सुनिश्चित हो सके। सप्ताह में दो से तीन दिन लगेगा स्वास्थ्य विभाग के परिवार कल्याण निदेशालय की देखरेख में यह टीकाकरण शुरू किया गया है। सोमवार से दिल्ली के 604 स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों में यह टीका लग सकेगा। यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक कराकर नजदीकी डिस्पेंसरी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर व अस्पतालों में टीका लिया जा सकेगा। सभी टीकाकरण केंद्रों में हर सप्ताह दो से तीन दिन यह टीका लगेगा। ऐसे बुक करें स्लॉट निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यू-विन पोर्टल खोलने के बाद उसके होम पेज पर पंजीकरण व बुक स्लॉट का विकल्प दिखेगा। इन बुक स्लॉट का विकल्प चयन करने के बाद अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत करना होगा। मोबाइल पर एक ओटीपी मिलेगा। इस ओेटीपी को दर्ज करने के बाद पेज खुल जाएगा। इसके बाद एचपीवी टीकाकरण का विकल्प चयन कर अपनी बेटी का नाम पता व उम्र दर्ज करना होगा। साथ ही उम्र का प्रमाण पत्र भी अपलोड करना होगा। इसके बाद टीकाकरण का स्लॉट दिखने लगेगा, जिसे लोग बुक कर सकेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


