घरेलू कलह में पत्नी की गला घोंटकर हत्या
नई दिल्ली के सुलतानपुरी में एक ऑटो चालक ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी सुमन की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी अनिल कुमार ने रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर यह कदम उठाया। बच्चों के लौटने पर मां को अचेत पाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बाहरी दिल्ली के सुलतानपुरी इलाके में शनिवार दोपहर घरेलू कलह ने खौफनाक मोड़ ले लिया। एक ऑटो चालक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय अनिल कुमार पत्नी सुमन और दो बच्चों के साथ पी-4 ब्लॉक में किराए के मकान में रहता था। पुलिस का कहना है कि पत्नी को पति के चरित्र पर शक था, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार देर रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
शनिवार सुबह सुमन ने खाना नहीं बनाया, जिस पर विवाद फिर भड़क उठा। आरोप है कि अनिल ने पहले बच्चों को घर से बाहर भेजा और फिर पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। कुछ देर बाद बच्चे लौटे तो मां को अचेत पाया। अनिल ने उन्हें हत्या की बात बता दी। बच्चों ने पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मृत घोषित किया। क्राइम व एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी से दोनों बच्चों का भविष्य अनिश्चित हो गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


