
तेज रफ्तार कार ने सफाईकर्मी को टक्कर मारी
घायल के पैर में फ्रैक्चर के चलते उसका ऑपरेशन करना पड़ा, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
नई दिल्ली, व.सं.। सीआर पार्क इलाके में तेज रफ्तार कार चालक घरों से कूड़ा उठाने का काम करने वाले सफाईकर्मी को टक्कर मारकर फरार हो गया। घायल को मौके पर जमा भीड़ ने अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। अस्पताल में घायल 42 वर्षीय संतोष के पैर में फ्रैक्चर के चलते उसका ऑपरेशन करना पड़ा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित संतोष ने बताया कि वह ग्रेटर कैलाश पार्ट टू के एम ब्लॉक में घरों से कूड़ा उठाने का काम करते है। 16 नवंबर को वह अपने ठेले पर गीला व सूखा कूड़ा अलग कर रहे थे।
उसी दौरान एम ब्लॉक मार्केट की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मदद के लिए रुकने की बजाय मौके से फरार हो गया। मौके पर जुटे लोगों की मदद से संतोष को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया जहां से बाद में सफदरजंग में भर्ती कराया गया। इस घटना में पैर में फ्रैक्चर आने पर उसका ऑपरेशन किया गया। पीड़ित के बयान देने की स्थिति में आने के बाद सीआर पार्क थाना पुलिस ने 20 नवंबर को केस दर्ज किया। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपी कार ड्राइवर की पहचान करने में जुटी हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




