हिमाचल में बारिश और हिमपात से बढ़ा ठंड का प्रकोप
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते न्यूनतम तापमान तीन से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। केलांग क्षेत्र में तापमान शून्य से 12.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे के कारण दृश्यता...

हिमाचल प्रदेश में बुधवार से हो रही बर्फबारी, न्यूनतम तापमान तीन से 11 डिग्री तक गिरा लाहौल-स्पीति का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा, कोहरा छाने से दृश्यता भी हुई कम
शिमला, एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने से गुरुवार को न्यूनतम तापमान तीन से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश भी हुई। इससे पहाड़ से लेकर मैदानी भागों तक ठंड का प्रकोप बढ़ गया।
मौसम विभाग ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां रात को तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार से बर्फबारी जारी है। गोंडल में नौ सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। जबकि केलांग में छह, कल्पा में 3.6 और कोठी में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई।
वहीं, मनाली में 20 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। जबकि डलहौजी में सात मिमी, कटौला में 6.1 मिमी और भरमौर में पांच मिमी बारिश दर्ज की गई। मनाली और शिमला का तापतान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। बिलासपुर और मंडी में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 200 मीटर रह गई। चंबा, ऊना और बर्थिन में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है। जबकि मनाली और कल्पा में दिन के समय ठंड रही। शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।
कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी
- गुलमर्ग का तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे
श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर की राजधानी कश्मीर में शुष्क मौसम के पूर्वानुमान के बीच ठंड का प्रकोप जारी है। गुरुवार को प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर संभाग के सभी मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे छह और शून्य से नीचे 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिनों में कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में शुष्क मौसम अनुमान है। नौ फरवरी को अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात होने के आसार हैं।
राजस्थान में शीत लहर से कांपे लोग
जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के अनेक भागों में सर्दी का दौर जारी है। बीते चौबीस घंटे में जयपुर व कोटा संभाग में कई जगह शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 02.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान सीकर में 3.5 डिग्री, करौली में 4.4 डिग्री, दौसा में 5.1 डिग्री और संगरिया में 5.2 डिग्री रहा। राज्य भर में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 24.9 डिग्री व 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार : अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट
पटना, मुख्य संवाददाता। बिहार राज्य के पटना सहित 32 शहरों के अधिकतम तापमान में कमी आई है। गुरुवार को सबसे बड़ी गिरावट बक्सर के तापमान में 5.1 डिग्री की आई। भोजपुर के अधिकतम तापमान में 4.3 डिग्री की कमी आई है। राज्य के 12 शहरों के न्यूनतम तापमान में भी आंशिक कमी आई। सबसे कम न्यूनतम तापमान छह डिग्री मोतिहारी में दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। धूप निकलने के बावजूद पछुआ की गति में तेजी आने से दिन में भी आंशिक ठंड रहेगी। शनिवार को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिम हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने के आसार हैं। गुरुवार को पटना में 3.6 डिग्री, जीरादेई में 2.2, गोपालगंज में 3.6, वैशाली में तीन, नालंदा में 3.3, शेखपुरा में 3.5, मधेपुरा में 2.4, मधुबनी में 1.9 डिग्री, गया में दो डिग्री अधिकतम तापमान में कमी आई। पटना सहित 12 शहरों के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री तो अधिकतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान :
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 25.0 16.8
गया 27.5 14.4
भागलपुर 26.0 14.0
मुजफ्फरपुर 24.6 15.6
पूर्णिया 16.0 25.4
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।