बिजनेस संक्षेप : हीरो मोटोकॉर्प 1,500 करोड़ निवेश करेगी
हीरो मोटोकॉर्प आने वाले समय में अपने स्कूटर कारोबार को आक्रामक तरीके से विस्तार देने जा रही है। कंपनी ने 2026-27 के दौरान स्कूटर उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 1,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की है। सीईओ हर्षवर्धन चिताले ने बताया कि कंपनी इस समय हर महीने 60 हजार स्कूटर बेच रही है।

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प आने वाले समय में अपने स्कूटर कारोबार को आक्रामक तरीके से विस्तार देने जा रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान स्कूटर उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है।
कंपनी का लक्ष्य
कंपनी का लक्ष्य लोकप्रिय मॉडल की उत्पादन क्षमता दोगुना कर बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करना है। कंपनी के सीईओ हर्षवर्धन चिताले ने कहा कि कंपनी तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कंपनी हर महीने करीब 60 हजार स्कूटर बेच रही है और आने वाले समय में इसे एक लाख इकाई करने की योजना है।
कार्यान्वयन चुनौतियों से निवेश प्रभावित हुआ
नई दिल्ली। देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अंबुजा सीमेंट ने अपनी विस्तार परियोजनाओं के कार्यान्वयन में देरी स्वीकार करते हुए कहा है कि वित्त वर्ष 2026-27 में उसका पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) 'मध्यम' स्तर पर रहेगा। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए 6,000-6,500 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह लगभग 7,500 करोड़ रुपये था। कंपनी के निदेशक करण अदाणी ने तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों के साथ हुई बातचीत में कहा कि सीमेंट कारोबार में परियोजनाओं के कार्यान्वयन का स्तर समूह की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है। इसके पीछे ठेकेदारों से जुड़ी समस्याएं, मजबूत निष्पादन टीम की कमी और अधूरी इंजीनियरिंग योजनाएं प्रमुख कारण रहीं।
आईआरएफसी एक लाख करोड़ के कर्ज मंजूर करेगी
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारतीय रेल वित्त निगम (आईआरएफसी) ने चालू वित्त वर्ष में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की ऋण की मंजूरी देने का लक्ष्य तय किया है। कंपनी ने अपने कारोबार के विस्तार के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू और विदेशी बाजारों से कुल 70,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। आईआरएफसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार दुबे ने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में लगभग एक लाख करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत करने और करीब 40,000 करोड़ रुपये के वितरण का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की मजबूत पाइपलाइन के कारण कंपनी को आगे भी अच्छे अवसर मिल रहे हैं।
आयात शुल्क में कमी से बढ़ेगा एफडीआई प्रवाह
नई दिल्ली। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के मुख्य अर्थशास्त्री अल्बर्ट पार्क ने कहा है कि मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), आयात शुल्क में कमी और कारोबारी माहौल में सुधार से भारत में विदेशी पूंजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा। हाल के वर्षों में देश में शुद्ध विदेशी पूंजी प्रवाह में नरमी देखी गई है। उन्होंने कहा कि भारत को विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए आयात शुल्क में लगातार कमी करनी चाहिए ताकि यहां निवेश करने वाली कंपनियां वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनी रहें। आंकड़ों के अनुसार, भारत में 2021-22 के दौरान शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) 38.6 अरब डॉलर रहा था, जो 2022-23 में घटकर 28 अरब डॉलर और 2023-24 में और घटकर 10.2 अरब डॉलर रह गया। शुद्ध एफडीआई यानी कुल निवेश प्रवाह में से निकासी घटाने के बाद का आंकड़ा 2024-25 में घटकर केवल एक अरब डॉलर रह गया। हालांकि, 2025-26 की अप्रैल-दिसंबर अवधि में यह सुधरकर तीन अरब डॉलर पर पहुंच गया।
वीडियोकॉन मामले में अलग-अलग चलेगी दिवाला प्रक्रिया
नई दिल्ली। राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने वीडियोकॉन समूह की दो कंपनियों, वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लि. और वीडियोकॉन ऑयल वेंचर्स लि. की दिवाला समाधान प्रक्रिया अलग-अलग चलाने के फैसले को बरकरार रखा है। इसके साथ ही एनसीएलएटी ने राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें दोनों मामलों को एक साथ जोड़ने का निर्देश दिया गया था। एनसीएलएटी ने अपने अंतिम आदेश में कहा कि दोनों कंपनियों के ऋणदाताओं का मानना है कि कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) स्वतंत्र रूप से संचालित की जाए, क्योंकि दोनों कंपनियों के कारोबार की प्रकृति अलग है और उनके पुनरुद्धार के लिए अलग-अलग विशेषज्ञता की आवश्यकता है।
कच्चे तेल के दाम तय करेंगे स्थानीय शेयर बाजार की चाल
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर इस सप्ताह भी भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल सकता है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि महंगाई की चिंता और रुपये में कमजोरी निवेशकों की बेचैनी बढ़ा रही है, जिससे दलाल पथ में भारी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। पिछले सप्ताह भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 के स्तर से नीचे फिसल गया। रुपये की इस कमजोरी ने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी है। जानकारों के मुताबिक, आने वाले दिनों में रुपये की चाल बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार निवेशकों की नजर अमेरिका-ईरान संघर्ष और उसके वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर बनी रहेगी।
आईपीओ से चार हजार करोड़ जुटाएगा मुथूट फिनकॉर्प
मुंबई। गोल्ड लोन के क्षेत्र में कारोबार करने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) मुथूट फिनकॉर्प ने आईपीओ के जरिये 4,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। कंपनी ने बताया कि उसके निदेशकमंडल ने नए इक्विटी शेयर जारी कर आईपीओ के जरिये 4,000 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। हालांकि अभी इस प्रस्ताव को नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष है। मुथूट फिनकॉर्प ने बताया कि वह बाजार की परिस्थितियों के हिसाब से आईपीओ लेकर आयेगा। आईपीओ कंपनियों के लिए शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होने की प्रक्रिया है। नियमों के मुताबिक, सूचीबद्ध कंपनियों के कम से कम 25 प्रतिशत शेयर सार्वजनिक निवेशकों के पास होने चाहिए, यानी कंपनी के प्रवर्तक से अलग लोगों या संस्थानों के पास होने चाहिये।
शारीरिक श्रम, अर्ध-कुशल नौकरियों के लिए अधिक महिलाएं, युवा कर रहे पलायन: रिपोर्ट
मुंबई। देश में शारीरिक श्रम करने वाले और अर्ध-कुशल सेवा कार्यों में लगे कर्मचारियों में अधिक महिलाएं और पहली बार नौकरी तलाश रहे युवा बेहतर रोजगार और अधिक वेतन के लिए अपने गृह नगरों से बाहर जा रहे हैं, जिससे जनवरी-अप्रैल, 2026 के दौरान नौकरी संबंधी पलायन में 31.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। एक रिपोर्ट में यह बात कही गई। इसके अनुसार, देश के श्रम बाजार में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखा जा रहा है, जिसमें अधिक महिलाएं, फ्रेशर और विभिन्न क्षेत्रों के कामगार बेहतर अवसरों की तलाश में अपने शहर से बाहर नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी-अप्रैल, 2026 के दौरान अन्य शहरों के लिए 86 लाख नौकरी आवेदन किए गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 65 लाख थी। यह 31.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


