दिल्ली में दिनभर ट्रैफिक जाम से जूझे लोग
नई दिल्ली में सोमवार को भारी ट्रैफिक जाम के कारण लोग समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सके। नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर एक बस हादसे और गलत पार्किंग के कारण यातायात बाधित रहा। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे जाम का स्तर सामान्य से 65 प्रतिशत अधिक रहा।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में सोमवार को सप्ताह के पहले दिन लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। सुबह से ही कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सके। दिन चढ़ने के साथ ही यातायात व्यवस्था और बिगड़ती चली गई और शाम तक कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर एक बस से जुड़े हादसे के कारण यातायात प्रभावित रहा, जिसके चलते पुलिस को तुरंत डायवर्जन लागू करना पड़ा। सुबह कालिंदी कुंज रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में करिअप्पा मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
नंगल राया फ्लाईओवर से दिल्ली कैंट की ओर जाने वाले वाहन करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। वहीं महिपालपुर से गुरुग्राम जाने वाला मार्ग भी बुरी तरह प्रभावित रहा और महिपालपुर फ्लाईओवर से टी-1 फ्लाईओवर तक वाहनों की लंबी लाइनें देखी गईं।सराय काले खां रोड और फ्लाईओवर के आसपास यातायात बेहद धीमा रहा, जिसका असर एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक पड़ा। सागरपुर रेड लाइट और नोएडा से अक्षरधाम जाने वाले मार्ग पर भी लंबा जाम लगा रहा। मुनिरका रोड पर गलत पार्किंग और तीस हजारी मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यावसायिक वाहन खराब होने से भी यातायात बाधित रहा। शाम के समय विकास मार्ग, डीएनडी, आश्रम चौक और सराय काले खां रिंग रोड पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। वाहन चालकों ने कई जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कमी का आरोप लगाया और सोशल मीडिया के माध्यम से समस्या के समाधान की मांग की।जाम का इंडेक्स- 199 स्थानों पर करीब 111 किलोमीटर हिस्से में यातायात प्रभावित रहा- 15 मिनट में 5.1 किलोमीटर की गति दौड़े वाहन- 65 प्रतिशत रहा जाम का स्तर जो सामान्य से अधिक रहा
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


