बस अड्डा, रेलवे स्टेशन व बाजारों के मार्ग रहे जाम
-बस व ट्रेन पकड़ने जा रहे लोगों को हुई परेशानी-बाजारों के आसपास बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से बिगड़ी यातायात व्यवस्थानई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। होली मनाने के लिए लोगों ने बस व ट्रेन से अपने शहर...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। होली मनाने के लिए लोगों ने बस व ट्रेन से अपने शहर व गांव का रुख करना शुरू कर दिया है।त्योहार के लिए सामान की खरीदारी भी शुरू हो गई है। रविवार को इसका असर सड़क यातायात पर दिखा। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख बाजारों के आसपास की सड़कें दिनभर वाहनों की लंबी कतारों से पटी रहीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को ठीक रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिन लोगों को त्योहार पर बस व ट्रेन पकड़नी है, वह समय लेकर घर से निकलें तो उचित होगा।
आनंद विहार रेलवे स्टेशन और बस अड्डे की ओर जाने वाले चौधरी चरण सिंह मार्ग पर दोपहर से शाम तक भारी जाम लगा रहा। टेल्को फ्लाईओवर से स्टेशन तक वाहन रेंगते हुए चले। इसी तरह आनंद विहार आरओबी से कौशांबी बस अड्डे की ओर जाने वाली सड़क भी जाम की चपेट में रही। यात्रियों को अपनी ट्रेन और बस पकड़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास की सड़कों पर भी यही हाल रहा। स्टेशन की ओर आने-जाने वाले वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण आसपास की तमाम सड़कें जाम हो गईं। कश्मीरी गेट आईएसबीटी के निकट भी सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा। बस अड्डे पर आने-जाने वाले यात्रियों और वाहनों की भीड़ के कारण आसपास की सड़कें अवरुद्ध हो गईं। इसके अलावा बुराड़ी से मजनू टीले की ओर जाने वाले बाहरी रिंग रोड पर दो किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगा रहा। होली को लेकर अतिरिक्त बसें आने कारण इस रोड पर दबाव अधिक रहा। मथुरा रोड पर ईश्वर नगर से आश्रम की ओर जाम लगा। यही नहीं, एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों पर लोगों का जाम से सामना हुआ। सरदार पटेल मार्ग, यूईआर-2 पर भी शाम के वक्त भारी जाम रहा। सदर बाजार के 12 टूटी चौक और गांधी नगर मार्केट के मेन रोड पर यातायात बाधित रही। लक्ष्मी नगर के मेन मार्केट में खरीदारी करने आए लोगों ने वाहन विकास मार्ग ओर खड़े कर दिए, उससे यातायात व्यवस्था बिगड़ी। करोल बाग क्षेत्र में भी यातायात प्रभावित रहा। ------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


