Delhi News: दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव, सड़कों पर लगा लंबा जाम
Delhi News: -दक्षिणी दिल्ली के दुर्गा विहार और संगम विहार शनि बाजार रोड पर जलभराव से रही बुरी स्थिति-कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में भी भरा पानी, कई प्रमुख सड़कों पर लगा जाम नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बारिश ने एक...

Delhi News: -दक्षिणी दिल्ली के दुर्गा विहार और संगम विहार शनि बाजार रोड पर जलभराव से रही बुरी स्थिति -कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में भी भरा पानी, कई प्रमुख सड़कों पर लगा जाम
जलभराव की गंभीर समस्या
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। बारिश ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत बयां कर दी। कई इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सबसे खराब स्थिति दक्षिणी दिल्ली के दुर्गा विहार और संगम विहार इलाकों में देखने को मिली, जहां लोगों की कमर तक पानी भर गया। संगम विहार के शनि बाजार रोड पर तो चंद मिनटों की बारिश में ही भीषण जलभराव हो गया, वहीं इसी इलाके की एक अन्य सड़क पर छात्रों को पानी में से होकर गुजरते देखा गया। कनॉट प्लेस पर भी सड़कें पानी डूबी नजर आई। जलभराव के चलते लोग जाम से जूझना पड़ा।
जाम की स्थिति
जखीरा अंडरपास में पानी भर जाने से कई गाड़ियां वहीं फंस गईं और अंडरपास के दोनों तरफ यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसे लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो के साथ समस्या साझा की। न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर पानी भरने से यात्रियों के लिए आना-जाना मुश्किल हो गया। इसी तरह मुनिरका, नांगलोई एक्सटेंशन के लोकेश सिनेमा रोड, भलस्वा मेट्रो अपार्टमेंट के बाहर भी जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में तेज बारिश से काके दा ढाबा के पास भी पानी भर गया। दक्षिणी दिल्ली के शिवालिक बी-ब्लॉक मुख्य मार्ग पर भी पानी जमा होने से निवासियों और वाहन चालकों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द नालों की सफाई और डिसिल्टिंग कराने की मांग की।
यातायात में बाधा
बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने से के कई हिस्सों में भीषण जाम में फंस कर लोगों के घंटों बर्बाद हुए।
पंचशील पार्क के पास आउटर रिंग रोड पर एक बड़ा पेड़ गिर जाने से लंबा जाम लग गया। रोहिणी के सेक्टर-22 और कंझावला रोड पर भी लोग जाम में बुरी तरह फंसे रहे। काली बाड़ी मार्ग, भलस्वा गोल चक्कर, भलस्वा डेयरी और भलस्वा मेट्रो स्टेशन के पास जलभराव से यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जहां लोग घंटों तक फंसे रहने की शिकायत करते नजर आए।
मेहरौली-बदरपुर रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर के हिस्से के यातायात प्रभावि रहा। संगम विहार से खानपुर की ओर इस रोड पर दो घंटे से अधिक समय तक जाम में लोग फंसे रहे। इसके अलावा साकेत रोड, महिपालपुर बाईपास रोड और नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें और जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली हाट के सामने और कोहाट एन्क्लेव को रिंग रोड से जोड़ने वाली सड़क पर भी भारी जाम देखा गया।
जलभराव से बाजार में दिक्कतें
स्थान : कमला नगर
समय : दोपहर 1 बजे
उत्तरी और मध्य दिल्ली के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक कमला नगर बाजार में सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण जलभराव हो गया। इस वजह से बाजार में स्थित दुकानों के आसपास बारिश का पानी जमा हो गया। इस वजह से बाजार में आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बाजार से जुड़े वाले कई रास्तों पर ट्रैफिक जाम भी लग गया। कमला नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने बताया कि सुबह से लेकर दोपहर व शाम को बारिश होने के कारण सड़कें जलमग्न हो गई। लोगों और दुकानदारों को परेशानी हुई। स्थानीय निवासी सुशील ने कहा कि बाजार में कपड़े समेत खिलौने की शॉप हैं। मुझे कुछ जरूरी सामान लेने थे, लेकिन मैं नहीं ले सका क्योंकि बारिश के कारण सड़कों पर भरे पानी से यहां पर पैदल चलना भी काफी मुश्किल हो गया। इस तरह की बारिश में बाजार में पानी भरना इस और इशारा करता है कि इस क्षेत्र में जल निकासी और नालियों की सफाई ठीक से नहीं की गई। यदि ऐसा होता तो जलभराव की नौबत नहीं आती।
वाहनों की रफ्तार में रुकावट
सड़क जलमग्न, दिन में भी लाइट जलाकर चले वाहन
स्थान: झिलमिल
समय: दोपहर 3 बजे
सोमवार को हुई जोरदार बारिश के बाद झिलमिल इलाके की सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों पर जगह-जगह पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान आसमान में अंधेरा छा जाने से दिन में भी वाहन चालक वाहनों की लाइट जलाकर चलते नजर आए। जलभराव के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से निकलने में दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज बारिश के बाद इलाके में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल जाती है। सड़क पर पानी जमा होने से कई जगह गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि बारिश रुकने के काफी देर बाद तक सड़क से पानी नहीं निकलता। इससे पैदल चलने वालों को भी सड़क के किनारे जमा पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता है।
सदर बाजार में जलभराव
-----
भारी बारिश से जलभराव, सदर बाजार की दुकानों में घुसा पानी
स्थान: सदर बाजार
समय: 12:15 बजे
राजधानी में सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश के कारण बाजारों में जलभराव हो गया। सदर बाजार के तेलीवाड़ा में करीब तीन फुट पानी जमा हो गया। इसकी वजह से कई दुकानों के अंदर तक पानी पहुंच गया। दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीरों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सबसे पॉश इलाके कनॉट प्लेस के इनर और मिडल सर्कल की सड़कों पर भी पानी जमा हो गया। भारी वाहनों के आने-जाने पर पानी दुकानों के बाहर बरामदे तक पहुंच जाता था। गांधी नगर की सड़कों पर भी जबरदस्त जलभराव रहा। संगम विहार के शनि बाजार में भी बरसात का पानी कई दुकानों में घुस जाने के कारण दुकानदारों के माल का नुकसान हो गया।
दुर्गा विहार में घुटने भर पानी
स्थान: दुर्गा विहार
समय : 1:45 बजे
सोमवार को भारी बारिश दिल्ली में जगह-जगह सड़कों पर जल भराव हो गया। इसी क्रम में दक्षिणी दिल्ली के दुर्गा विहार में सड़क पर घुटने भर पानी भर गया। स्थिति यह है कि इस कॉलोनी की सभी सड़कों पर जलभराव हो गया। इस वजह से सड़कें तालाब में तब्दील दिखी। इस वजह से लोगों को और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर हुए जल भराव के बीच छोटे बच्चे पानी में खेलते और तैरते नजर आए। वहीं स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग बताते हैं कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण थोड़ी बारिश होने पर भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे लोगों को घर से निकालना भी दूभर हो जाता है।
-----

