Delhi News: स्कूलों के आसपास जर्जर सड़कें सुधारी जाएं : डीपीए
Delhi News: दिल्ली में बारिश के कारण कई जगह जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। माता-पिता संघ ने केंद्रीय विद्यालय संगठन से सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की है। खासकर दिल्ली कैंट क्षेत्र में स्कूलों के पास निर्माण कार्य के चलते छात्र समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

Delhi News: नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। राजधानी में बारिश के चलते जगह-जगह सड़कों पर जलभराव व कीचड़ फैलने से लोगों को परेशानी हो रही है। स्कूली छात्र भी जलभराव के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। इस संबंध में दिल्ली पेरेंट्स एसोसिएशन (डीपीए) ने केंद्रीय विद्यालय संगठन आयुक्त, शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में दावा किया गया है कि दिल्ली कैंट क्षेत्र में तीन प्रमुख स्कूलों के आसपास चल रहे निर्माण कार्य और खुदी हुई सड़कों के कारण, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है। साथ ही सोनिया विहार, संगम विहार, बदरपुर, द्वारका और नरेला सहित अलग-अलग इलाकों में स्थित स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को परेशानी हो रही है।
सोमवार को भी बारिश के बीच छात्र जलभराव के बीच से गुजरते दिखे। डीपीए ने इस संबंध में डीसीपीसीआर व एनएचआरसी को भी जानकारी देते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


