ड्राइवर पर हमला करने वाले हरियाणा के चार पर्यटक गिरफ्तार
हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) के ड्राइवर राजिंदर सिंह के साथ हरियाणा के चार पर्यटकों ने मारपीट की। इन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। घटना शिमला के काची घाटी में हुई, जब एक गाड़ी ने बस का रास्ता रोक दिया और ड्राइवर को खींचकर सड़क पर गिरा दिया।

शिमला, एजेंसी। हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) के ड्राइवर के साथ मारपीट के आरोप में हरियाणा के चार पर्यटकों को गिरफ्तार किया गया। इसमें एक महिला भी शामिल है। घायल ड्राइवर की पहचान राजिंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, आरोपियों की पहचान प्रतिभा, विक्की कुमार, विकास कुमार और पंकज के रूप में हुई है। ये सभी हरियाणा के पंचकूला जिले के अभयपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब दिल्ली से रोहड़ू की ओर जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक वॉल्वो बस ने शिमला के काची घाटी इलाके के पास हरियाणा रजिस्ट्रेशन नंबर वाली दो गाड़ियों को ओवरटेक किया।
इसके बाद, उन गाड़ियों में से एक ने बस को ओवरटेक किया और उसका रास्ता रोक दिया, जबकि दूसरी गाड़ी में सवार एक अन्य पर्यटक ने बस ड्राइवर को खींचकर सड़क पर गिरा दिया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद चारों आरोपियों ने ड्राइवर के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोटें आईं। इस बीच, बस के कंडक्टर ने हैंड ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया।


