
गुरु नानक जयंती पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी बधाई
गुरु नानक जयंती बुधवार को देशभर में धूमधाम से मनाई गई। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिख समुदाय को शुभकामनाएं दीं, वहीं उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं की महत्ता पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका।
देशभर में बुधवार को गुरु नानक जयंती हर्षोल्लस के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुनानक जयंती पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर साझा की गई एक पोस्ट में लिखा कि गुरु नानक जयंती पर, मैं भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों, विशेषकर सिख भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की जयंती पर उन्हें याद किया। राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और शिक्षाएं सत्य, समानता, करुणा और निस्वार्थ सेवा के शाश्वत मूल्यों से दुनिया को प्रकाशित करती रहेंगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को गुरु नानक जयंती पर बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और संदेश शाश्वत ज्ञान के साथ मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। करुणा, समानता, विनम्रता और सेवा की उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रेरणादायक हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा पर भी राष्ट्र को बधाई दी। बॉक्स मुख्यमंत्री मान ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को गुरु नानक देव की जयंती पर अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और केंद्र से करतारपुर गलियारे को फिर से खोलने का की मांग की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र को किसी के पत्र लिखने का इंतजार किए बिना इसे खुद ही खोल देना चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




