Gun and Bomb Attacks in Manipur Two Injured in Counteraction by Police मणिपुर : इंफाल ईस्ट में फिर बंदूक और बम से हमला, दो घायल, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsGun and Bomb Attacks in Manipur Two Injured in Counteraction by Police

मणिपुर : इंफाल ईस्ट में फिर बंदूक और बम से हमला, दो घायल

हैडिंग विकल्प : मणिपुर में गोलीबारी में दो लोग घायल -- सनसाबी और

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 27 Dec 2024 06:12 PM
share Share
Follow Us on
मणिपुर :  इंफाल ईस्ट में फिर बंदूक और बम से हमला, दो घायल

सनसाबी और थमनापोकपी गांवों में शुक्रवार को किए गए हमले हमलावों के साथ जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मी समेत दो घायल

इंफाल, एजेंसी। पहाड़ी इलाकों से हथियारबंद लोगों ने शुक्रवार को मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के दो गांवों में बंदूक और बम से हमला किया। हथियारबंद लोगों के साथ गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। ये हमले सनसाबी और थमनापोकपी गांवों में किए गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हमले के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों गांवों में भीषण गोलीबारी हुई। पहाड़ी की चोटी से हथियारबंद लोगों ने सनसाबी गांव और आस-पास के इलाकों में सुबह करीब 10.45 बजे अंधाधुंध गोलीबारी और बम फेंकना शुरू कर दिया। इस पर सुरक्षाकर्मियों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। सनसाबी गांव में हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी की पहचान 37 वर्षीय के हरिदास के रूप में हुई है। उसके बाएं कंधे पर गोली लगी है। उसे दोपहर करीब 3.30 बजे जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। उसकी एक छोटी सर्जरी की जाएगी। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य ‘ग्रामीण स्वयंसेवक के हाथ में मामूली चोट आई है। निजी अस्पताल में उसकी हालत खतरे से बाहर है। गांव के स्वयंसेवक पहाड़ी इलाकों से आए हथियारबंद लोगों के खिलाफ गोलीबारी में सुरक्षा बलों के साथ शामिल हुए थे। हथियारबंद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी शुरू होने पर स्थानीय लोग इधर-उधर भागते देखे गए।

अधिकारी ने बताया, हथियारबंद लोगों ने सुबह करीब 11.30 बजे जिले के थामनापोकपी गांव में भी हमला किया। इसके बाद वहां के निवासियों में दहशत फैल गई। सीआरपीएफ कर्मियों सहित सुरक्षा बलों ने गोलीबारी में फंसी कई महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बचाया। पिछले साल मई से मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

इंफाल पश्चिम में डॉक्टर के घर के घर हथगोला फेंका :

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि अज्ञात लोगों ने इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग इलाके में एक डॉक्टर के घर एक हथगोला फेंका। ग्रेनेड के साथ ‘केसीपी (पीडब्लूजी) की आखिरी चेतावनी लिखा एक नोट भी मिला है। पुलिस ने ग्रेनेड को मौके से हटा दिया। धमकी जबरन वसूली से संबंधित हो सकती है और मामले की जांच चल रही है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) कथित तौर पर इंफाल घाटी में जबरन वसूली में शामिल है।

दो उग्रवादी गिरफ्तार :

इंफाल पश्चिम जिले से प्रतिबंधित संगठन कांगलेइपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बयान में कहा कि जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल दो उग्रवादियों को गुरुवार को जिले के अवांग वानागई लमखई इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किए गए हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।