
मुख्यमंत्री को छोड़ गुजरात में बदल जाएंगे अधिकतर चेहरे
गुजरात में भाजपा नेतृत्व ने मुख्यमंत्री को छोड़कर पूरी सरकार को बदलने का बड़ा फैसला किया है। सभी 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे मुख्यमंत्री को भेज दिए हैं। मंत्रिपरिषद का पुनर्गठन किया जाएगा और सरकार का...
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। गुजरात में भाजपा नेतृत्व ने मुख्यमंत्री को छोड़कर पूरी सरकार को बदलने का बड़ा फैसला किया है। बीते सप्ताह गुजरात के मुद्दे पर केंद्रीय नेतृत्व की बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया था। माना जा रहा है कि शुक्रवार को मंत्रिपरिषद विस्तार में पुराने लगभग आधे दर्जन चेहरे ही रह सकते हैं, बाकी सभी को बदले जाने की संभावना है। साथ ही सरकार का आकार भी बढ़ाया जाएगा। गुरुवार शाम को गुजरात में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सभी 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे मुख्यमंत्री को भेज दिए ताकि मंत्रिपरिषद का पुनर्गठन किया जा सके।

सूत्रों के अनुसार, गुजरात में बदलाव की कवायद काफी लंबे समय से चल रही थी, लेकिन अब नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद इस काम को अंजाम दिया जा रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी पद छोड़ने के इच्छुक थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उन्हें कम से कम एक साल और बने रहने को कहा है। मंत्रिपरिषद को नया रूप देकर पार्टी राज्य में सरकार के सुचारू संचालन के लिए अपनी जमीन को और मजबूत करेगी। बीते दिनों राज्य में विभिन्न उपचुनाव और संगठन स्तर पर जो कमी उभरी थी उनको देखते हुए गुजरात की व्यापक समीक्षा की गई थी। इसके बाद ही यह फैसला किया गया है। गौरतलब है कि गुजरात को लेकर पार्टी नेतृत्व हमेशा अतिरिक्त सतर्कता बरतता है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह गुजरात से ही आते हैं। इसलिए, वहां पर किसी भी तरह की कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाता है। यही वजह है कि पिछले विधानसभा चुनाव के पहले मुख्यमंत्री समेत पूरी सरकार को बदल दिया गया था। अभी अगला चुनाव दूर है इसके बावजूद भाजपा नेतृत्व ने आंतरिक कमजोरी को दूर करने और जनता में छवि बेहतर करने के लिए मंत्रिपरिषद में बदलाव का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार, बिहार चुनाव के बीच में ही गुजरात में बड़े बदलाव का फैसला कर पार्टी नेतृत्व ने इस बात के भी संकेत दिए हैं कि वह बड़े और कड़े फैसले लेने में कोई गुरेज नहीं करेगी। गुजरात के बाद कुछ और राज्यों की भी समीक्षा होनी है, जिसके बाद वहां भी बड़े बदलाव देखे जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मौजूद रह सकते हैं। अमित शाह अभी बिहार दौरे पर हैं, लेकिन उनके गुजरात जाने की संभावना है। मंत्रिपरिषद के फेरबदल में पुराने 16 मंत्रियों में से लगभग एक दर्जन मंत्रियों का पत्ता साफ होने की संभावना है। चार-पांच चेहरों को ही फिर से रखा जा सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




