पंजाब में ग्रेनेड तस्करी का आरोपी गुजरात में धरा
गुजरात एटीएस और बनासकांठा पुलिस ने पंजाब के ग्रेनेड तस्करी मामले के मुख्य आरोपी बिक्रमजीत सिंह को डीसा शहर से गिरफ्तार किया। विक्की पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम करने का आरोप है। उसने पंजाब के युवाओं को संगठित अपराध में भर्ती करने और सुरक्षा एजेंसियों पर हमले की साजिशें रचने की बात कबूली।

अहमदाबाद,एजेंसी। गुजरात एटीएस और बनासकांठा पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में पंजाब के ग्रेनेड तस्करी मामले के मुख्य आरोपी बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को डीसा शहर से गिरफ्तार किया है। आरोपी विक्की पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी आबिद जट्ट के लिए काम करने का आरोप है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देते हैं।एटीएस द्वारा जारी बयान के अनुसार, पंजाब पुलिस से मिली सटीक जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए विक्की को शनिवार को डीसा से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर सड़क किनारे बने एक रेस्टोरेंट में मजदूर के रूप में काम कर रहा था।
हिरासत में लेने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए अहमदाबाद लाया गया।पाकिस्तानी हैंडलर्स के लिए रची साजिशेंप्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। विक्की ने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। जांच में सामने आया कि वह पंजाब के युवाओं को इस संगठित अपराध नेटवर्क में भर्ती करने का काम करता था। उसने अपने हैंडलर्स के निर्देश पर पुलिस थानों और अन्य सुरक्षा इकाइयों पर हमले करने की साजिशें रची थीं। वह ग्रेनेड की आपूर्ति करने और सुरक्षा एजेंसियों को निशाना बनाने वाले हमलों को अंजाम देने में मुख्य भूमिका निभाता था।कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपागुजरात एटीएस के मुताबिक, शहजाद भट्टी एक पाकिस्तानी गैंगस्टर है जो सीधे तौर पर आईएसआई के लिए काम करता है। वह पंजाब में सुरक्षा इकाइयों, थानों और प्रमुख व्यक्तियों पर ग्रेनेड हमलों की साजिशें रचता रहा है। इस संबंध में अमृतसर की स्टेट स्पेशल ऑपरेशनल सेल (एसएसओसी) ने हाल ही में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। अमृतसर के रहने वाले बिक्रमजीत सिंह को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


