फरवरी में जीएसटी संग्रह 8.1 प्रतिशत उछला

Mar 01, 2026 07:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

जीएसटी संग्रह फरवरी 2026 में 8.1 प्रतिशत बढ़कर 1.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। आयात से उच्च राजस्व और घरेलू बिक्री में सुधार इस वृद्धि का कारण बने। फरवरी 2025 की तुलना में शुद्ध जीएसटी संग्रह 7.9 प्रतिशत बढ़कर 1,61,014 करोड़ रुपये रहा। सरकार ने 22,595 करोड़ रुपये का रिफंड भी जारी किया।

फरवरी में जीएसटी संग्रह 8.1 प्रतिशत उछला

नई दिल्ली, एजेंसी। जीएसटी संग्रह फरवरी में सालाना आधार पर 8.1 प्रतिशत बढ़कर 1.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। आयात से प्राप्त राजस्व में उच्च वृद्धि और घरेलू बिक्री में सुधार का इस बढ़ोतरी में मुख्य योगदान रहा। रविवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में जीएसटी संग्रह 6.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा था। फरवरी में वृद्धि तेज होकर 8.1 प्रतिशत हो गई। फरवरी 2025 में जहां सकल जीएसटी संग्रह 1.69 लाख करोड़ रुपये था, वहीं फरवरी 2026 में यह बढ़कर 1.84 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में 28 फरवरी तक कुल सकल संग्रह 20.27 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 8.3 फीसदी ज्यादा है।

इससे संकेत मिलता है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद देश के भीतर खपत और आर्थिक गतिविधि बनी हुई है। जीएसटी के तहत फरवरी में कुल 22,595 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया, जो सालाना आधार पर 10.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इस प्रकार शुद्ध जीएसटी संग्रह फरवरी 2025 के मुकाबले 7.9 प्रतिशत बढ़कर 1,61,014 करोड़ रुपये पर रहा। इसके अलावा सरकार ने उपकर के रूप में 563 करोड़ रुपये प्राप्त किये जबकि एक साल पहले यह राशि 13,481 करोड़ रुपये थी। गौरतलब है कि सितंबर, 2025 से लगभग 375 वस्तुओं पर जीएसटी दरों में कटौती की गई थी। साथ ही पांच, 12, 18 और 28 प्रतिशत के चार कर स्लैब को मिलाकर पांच और 18 प्रतिशत के दो स्लैब बनाए गए थे। इसके अलावा कुछ चुनिंदा अति-विलासिता की वस्तुओं और तंबाकू उत्पादों के लिए अधिकतम 40 प्रतिशत का स्लैब रखा गया था। कर कटौती लागू होने के पहले महीने में जीएसटी संग्रह में शुरुआती गिरावट देखी गई और नवंबर में राजस्व घटकर 1.70 लाख करोड़ रुपये रह गया था। इसके बाद दिसंबर में संग्रह बढ़कर 1.74 लाख करोड़ रुपये और जनवरी में 1.93 लाख करोड़ रुपये हो गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।