ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीदेश में अब तक कोविड-19 के 13 करोड़ से अधिक नमूनों की हुई जांच, संक्रमण दर में गिरावट जारी: सरकार

देश में अब तक कोविड-19 के 13 करोड़ से अधिक नमूनों की हुई जांच, संक्रमण दर में गिरावट जारी: सरकार

देश में कोविड-19 के मद्देनजर अब तक 13 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है जिसमें आखिरी के एक करोड़ नमूनों की जांच महज 10 दिन में की गई है, वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार...

देश में अब तक कोविड-19 के 13 करोड़ से अधिक नमूनों की हुई जांच, संक्रमण दर में गिरावट जारी: सरकार
एजेंसी,दिल्लीSat, 21 Nov 2020 06:28 PM
ऐप पर पढ़ें

देश में कोविड-19 के मद्देनजर अब तक 13 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है जिसमें आखिरी के एक करोड़ नमूनों की जांच महज 10 दिन में की गई है, वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी कि संक्रमण की दर में गिरावट जारी है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार प्रतिदिन 10 लाख से ज्‍यादा जांच कराने की प्रतिबद्धता के अनुरूप पिछले 24 घंटे में 10,66,022 नमूनों की जांच की गई और इस तरह भारत में जांच के कुल मामलों की संख्‍या बढ़कर अब 13,06,57,808 हो गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लोगों के संक्रमित होने की राष्‍ट्रीय दर शनिवार को 6.93 प्रतिशत रही, जो सात प्रतिशत के स्‍तर से कम है। वहीं, शुक्रवार को संक्रमण की दर मात्र 4.34 प्रतिशत थी। जांच बड़ी संख्‍या में हो रही है और संक्रमण की पुष्टि की दर में गिरावट आई है। मंत्रालय का ओर से बताया गया कि प्रतिदिन औसतन 10 लाख से ज्‍यादा नमूनों की जांच से संक्रमण की पुष्टि की सम्पूर्ण दर को कम स्‍तर पर कायम रखा जा सका है और इस तरह इसमें फिलहाल गिरावट का रुख दिख रहा है।

पिछले 10 दिनों में हुई करीब एक करोड़ कोविड-19 नमूनों की जांच

मंत्रालय के अनुसार, पूरे भारत की तुलना में 24 राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों में प्रति 10 लाख की आबादी पर अधिक जांच कराई गई। वे 12 राज्‍य और केन्‍द्रशासित प्रदेश जहां राष्‍ट्रीय औसत की तुलना में प्रति 10 लाख की आबादी पर कम जांच कराए गई हैं, उन्हें जांच के स्‍तर को पर्याप्‍त रूप से बढ़ाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों के दौरान 46,232 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए।

वहीं, प्रतिदिन संक्रमण के पुष्ट मामलों की दर 4.34 प्रतिशत पर रहना दर्शाता है कि कुल आबादी के बीच बड़ी संख्‍या में नमूनों की जांच कराई गई है। उत्‍तर भारत के कुछ राज्‍यों में कोविड-19 के मामलों में हुई वृद्धि को देखते हुए केन्‍द्र ने सभी राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों को जांच की संख्‍या बढ़ाने की सलाह दी है।

भारत में फिलहाल 4,39,747 मरीजों का उपचार चल रहा है, जो भारत में अब तक सामने आए कुल संक्रमितों का 4.86 प्रतिशत हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान 49,715 नए रोगी ठीक होकर घर लौटे हैं और इस तरह ठीक हुए रोगियों की कुल संख्‍या 84,78,124 हो गई है। रोगियों के ठीक होने की दर आज 93.67 पर आ गई है।

इलाज करा रहे रोगियों की संख्या और संक्रमण से मुक्त हुए रोगियों की संख्या का अंतर क्रमश: बढ़ रहा है और यह 80,38,377 पर आ गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ठीक होने वाले रोगियों के 78.19 प्रतिशत मामले 10 राज्‍यों/केन्‍द्रशासित प्रदेशों से हैं। दिल्‍ली में 8,775 लोग कोविड-19 से ग्रस्त होने के बाद ठीक हुए हैं। महाराष्‍ट्र में 6,945 और केरल में 6,398 नए रोगी ठीक हुए हैं।

दिल्‍ली में पिछले 24 घंटों के दौरान 6,608 मामले आए हैं। केरल में 6,028 नए मामले सामने आए हैं, जबकि महाराष्‍ट्र में शुक्रवार को 5,640 नए मामलों का पता चला था। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से हुई 564 लोगों की मौत के मामलों में से 82.62 प्रतिशत मामले 10 राज्‍यों/केन्‍द्रशासित प्रदेशों से हैं। मौत के नए मामलों में से 27.48 प्रतिशत मामले महाराष्‍ट्र से हैं जहां 155 संक्रमितों की मृत्यु हो गई। दिल्‍ली में भी 118 लोगों की मौत हो गई जो कुल मामलों का 20.92 प्रतिशत हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें