
सोना 600 रुपये उछला, चांदी भी चमकी
नई दिल्ली में सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 600 रुपये बढ़कर 1,24,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। चांदी की कीमत भी 1,800 रुपये बढ़कर 1,53,300 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। सुरक्षित निवेश की मांग और डॉलर में गिरावट के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई है।
नई दिल्ली, एजेंसी। व्यापारियों की ताजा लिवाली और मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत दो दिनों की गिरावट के बाद गुरुवार को 600 रुपये बढ़कर 1,24,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। चांदी की कीमत 1,800 रुपये बढ़कर 1,53,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। मंगलवार को यह 1,51,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। बुधवार को गुरु नानक जयंती पर छुट्टी होने के कारण सर्राफा बाजार बंद रहे थे। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 28.96 डॉलर यानी 0.73 प्रतिशत बढ़कर 4,008.19 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि हाजिर चांदी 1.22 प्रतिशत बढ़कर 48.60 डॉलर प्रति औंस हो गई।
जानकारों ने कहा, सुरक्षित निवेश की मांग और अमेरिकी डॉलर में मामूली गिरावट आने से गुरुवार को सोने में तेजी आई। अमेरिका में सरकारी विभागों के वित्तीय प्रावधान न होने से जारी शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा शटडाउन बन गया है। इस लंबे शटडाउन ने वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिसका फायदा सुरक्षित निवेश वाली कीमती धातुओं को मिल रहा है। विश्व की छह प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक पिछले सत्र में कई महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद 0.29 प्रतिशत गिरकर 99.97 रह गया, जिससे कीमती धातुओं को भी मदद मिली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




