
रिकॉर्ड ऊंचाई से औंधे मुंह गिरे सोना-चांदी
नई दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद मुनाफा वसूली के कारण गिर गईं। सोने की कीमत 14,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 20,000 रुपये प्रति किलोग्राम लुढ़की। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान और डॉलर में तेजी ने भी गिरावट को प्रभावित किया।
नई दिल्ली, एजेंसी। कमजोर वैश्विक रुझानों और डॉलर में उछाल के बीच निवेशकों द्वारा भारी मुनाफा वसूली के कारण सोने और चांदी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद शुक्रवार को औंधे मुंह गिरे। दिल्ली में सोने की कीमतें 14,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमतें 20,000 रुपये प्रति किलोग्राम लुढ़क गईं। सूत्रों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपये या 7.65 प्रतिशत टूटकर 1,69,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। गुरुवार को सोने की कीमत 12,000 रुपये बढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गई थी। चांदी की चमक फीकी : चांदी की कीमत 20,000 रुपये या लगभग पांच प्रतिशत टूटकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
पिछले कारोबारी सत्र में चांदी के दाम 19,500 रुपये बढ़कर 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। वायदा बाजार में चांदी 98500 रुपये लुढ़की वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी और सोने की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई, जहां निवेशकों में अपने बढ़ते निवेश मूल्य को भुनाने की होड़ देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझानों और अमेरिकी मुद्रा में तेजी के कारण चांदी का वायदा भाव 24 प्रतिशत यानी 98,500 रुपये घटकर 3,12,136 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया, जबकि सोना नौ प्रतिशत गिरकर 1,54,157 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। गुरुवार को चांदी की कीमत लगभग नौ प्रतिशत बढ़कर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




