
गोवा नाइटक्लब हादसा : लूथरा भाइयों को भारत लाने की तैयारी
गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद लूथरा बंधुओं को थाईलैंड से भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्हें बैंकॉक में हिरासत में लिया गया था। जांच में पता चला कि दोनों भाई घटना के समय देश छोड़ने की योजना बना रहे थे।
नई दिल्ली, एजेंसी। गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब आग हादसे से जुड़े लूथरा बंधुओं को भारत लाने की तैयारी जारी है। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में भारत और थाईलैंड के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं। सूत्रों के मुताबिक, गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद फुकेट में हिरासत में लिया गया। थाई अधिकारी अब उन्हें भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। आग में 25 लोगों की मौत के बाद दोनों भाइयों पर देश छोड़ने और जांच से बचने का मामला दर्ज किया गया था। इंटरपोल के ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद थाई पुलिस ने उन्हें पकड़ा।

यह हादसा 6 दिसंबर की रात हुआ था। मृतकों में पांच पर्यटक और 20 कर्मचारी शामिल थे। जांच से पता चला कि हादसे और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ही लूथरा भाइयों ने मेक माय ट्रिप के जरिये थाईलैंड के लिए टिकट बुक कर लिए थे। अधिकारियों ने कहा कि जब गोवा पुलिस और दमकलकर्मी अंदर फंसे लोगों को बचाने में जुटी थी, उसी समय दोनों भाई देश छोड़ने की तैयारी कर रहे थे। --- दावा : ‘सॉल्ट पैन’ से रिहायशी श्रेणी में बदली जमीन आग हादसे मामले में जमीन के ‘मूल मालिक’ होने का दावा करने वाले प्रदीप घाड़ी अमोणकर ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन का एक हिस्सा बिना जानकारी के ‘सॉल्ट पैन’ से रिहायशी श्रेणी में बदल दिया गया। सॉल्ट पैन ऐसी जगह होती है जहां खारे पानी (समुद्री पानी) को धूप में सुखाया जाता है और इसके बाद जो नमक बच जाता है, उसे इकट्ठा किया जाता है। अमोणकर ने कहा कि उन्होंने यह भूमि 1994 में खरीदी थी और 2004 में खरीदार सुरिंदर खोसला से विवाद के बाद सौदा रद्द हो गया, लेकिन खोसला ने फिर भी क्लब खोल दिया और बाद में लूथरा बंधुओं को दे दिया। अरपोरा-नागोवा सरपंच पुलिस के सामने पेश हुए आग हादसे से जुड़े मामले में गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिलने के बाद अरपोरा-नागोवा के सरपंच रोशन रेडकर अंजुना पुलिस थाने में पेश हुए। रेडकर और तत्कालीन पंचायत सचिव रघुवीर बागकर ने गुरुवार को पणजी स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसके बाद अदालत ने उन्हें अस्थायी सुरक्षा दी। रेडकर अदालत का आदेश लेकर गुरुवार रात अंजुना थाने पहुंचे। उनके वकील ने कहा कि वे आदेश की प्रति पुलिस को सौंपने और जांच में सहयोग करने आए हैं। रेडकर ने भी कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। गोवा भाजपा ने नेताओं से सफाई मांगी गोवा भाजपा ने आग हादसे के बाद भ्रष्टाचार को लेकर दिए गए बयानों पर अपने दो नेताओं विधायक माइकल लोबो और पूर्व पर्यटन मंत्री दिलीप परुलेकर से सफाई मांगी है। पार्टी ने कहा कि संगठन को हल्के में नहीं लिया जा सकता। लोबो और परुलेकर ने बीच बेल्ट में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और कहा था कि इसी वजह से पर्यटन क्षेत्र में अवैध गतिविधियां बढ़ीं। यह बयान नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत के बाद सामने आया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


