
आईआईटी के पूर्व छात्रों के वैश्विक सम्मेलन में 100 देश लेंगे हिस्सा
-राजधानी में 20 और 21 जून को पैन आईआईटी ग्लोबल लीडरशिप समिट करने की तैयारी
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता देश के सभी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के पूर्व छात्रों की शीर्ष संस्था पैन आईआईटी राजधानी में जून माह में ग्लोबल लीडरशिप समिट 2026 का आयोजन करने की घोषणा की है। आईआईटी दिल्ली में आयोजित एक प्रेसवार्ता में पैन आईआईटी के चेयरमैन प्रभात कुमार (आईआरएस) ने कहा कि यह समिट वैश्विक ज्ञान साझा करने, नेतृत्व विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का सशक्त मंच बनेगी। उन्होंने कहा कि 100 से अधिक देशों की भागीदारी इसे दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेतृत्व मंचों में शामिल करेगी। इसकी थीम टेक्नोलॉजी, इन्वेस्टमेंट, गवर्नेंस और डिप्लोमेसी है। समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर डिजाइन, फिनटेक, क्लाइमेट टेक्नोलॉजी और स्पेस इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
इसके साथ ही स्टार्टअप शोकेस, निवेशक मंच, नीति संवाद और लीडरशिप लैब्स का आयोजन होगा। यह दो दिवसीय वैश्विक समिट 20 और 21 जून 2026 को नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक नवाचार, पूंजी निवेश और सुशासन के केंद्र के रूप में स्थापित करना है। पैन इंडिया ग्लोबल लीडरशिप समिट को दुनिया के सबसे बड़े क्रॉस-सेक्टर लीडरशिप और वेंचर प्लेटफॉर्म में से एक के रूप में देखा जा रहा है। समिट में तकनीक, निवेश, शासन और कूटनीति से जुड़े वैश्विक नेता एक मंच पर जुटेंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 5,000 से अधिक आईआईटी के पूर्व छात्र और वैश्विक नेता शामिल होंगे। 500 से अधिक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर स्तर के प्रतिनिधि,200 वैश्विक निवेशक और वेंचर कैपिटलिस्ट, 100 से अधिक वक्ता और 100 से ज्यादा देशों के नीति-निर्माता होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




