जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा, ईरानी सरकार अंतिम दिनों में
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने बेंगलुरु में कहा कि ईरान की सरकार अपने अंतिम दिनों में है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा तुरंत समाप्त करने की अपील की। मर्ज ने कहा कि यदि कोई शासन केवल बल प्रयोग से सत्ता में है, तो वह अंत की ओर है।

बेंगलुरु, एजेंसियां। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने मंगलवार को कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान की मौजूदा सरकार अपने ‘अंतिम दिनों और हफ्तों’ में है। भारत की दो दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन बेंगलुरु पहुंचे मर्ज ने ईरानी नेतृत्व से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा तत्काल समाप्त करने की अपील दोहराई। मीडिया से बातचीत के दौरान मर्ज ने कहा, ‘यदि कोई शासन केवल बल प्रयोग के जरिए सत्ता में बना रह सकता है, तो वह वास्तव में अपने अंत की ओर होता है। मुझे लगता है कि हम अब इस शासन के अंतिम दिनों और हफ्तों को देख रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि ईरान की सरकार को जनता से चुनावों के माध्यम से कोई वैधता प्राप्त नहीं है। अब आम लोग उसके खिलाफ उठ खड़े हुए हैं। जर्मन चांसलर ने उम्मीद जताई कि इस टकराव का शांतिपूर्ण समाधान निकल सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जर्मनी अमेरिका और अन्य यूरोपीय देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं। मर्ज ने जोर देकर कहा कि ईरानी अधिकारियों को हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। इससे पहले फ्रेडरिक ने जर्मन कंपनी बॉश परिसर का दौरा किया और उनके इस दौरे ने गतिशीलता, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्रों में भारत और जर्मनी के बीच गहरे आर्थिक और तकनीकी संबंधों को रेखांकित किया। बॉश कंपनी ने कहा कि इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को भी मजबूत किया है। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत में बॉश समूह के अध्यक्ष और बॉश लिमिटेड के प्रबंध निदेशक गुरुप्रसाद मुडलापुर ने कंपनी के मुख्यालय में प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की और क्षेत्र में विकसित नवाचारों का प्रदर्शन किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


