खेल लीड....इटली पर दमदार जीत से स्कॉटलैंड ने खाता खोला

Feb 09, 2026 05:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

2405 रन कुल जॉर्ज मुन्से टी₹-20 में बनाकर स्कॉटलैंड के शीर्ष स्कोरर बने 207 रन

खेल लीड....इटली पर दमदार जीत से स्कॉटलैंड ने खाता खोला

2405 रन कुल जॉर्ज मुन्से टी₹-20 में बनाकर स्कॉटलैंड के शीर्ष स्कोरर बने 207 रन पुरुष टी-20 विश्व कप में किसी भी एसोसिएट टीम का सबसे बड़ा स्कोर (पिछला रिकॉर्ड: अमेरिका 197/3 बनाम कनाडा, 2024) 126 रन जोड़ स्कॉटिश ओपनरों ने टी-20 विश्व कप इतिहास में पहली बार शतकीय साझेदारी की 64 रन जॉर्ज मुन्से ने सिर्फ बाउंड्री से बनाए, स्कॉटलैंड के माइकल जोन्स (48) का रिकॉर्ड तोड़ा शोल्डर.. मुन्से के अर्धशतक और लीस्क के चार विकेट से स्कॉटलैंड 73 रन से विजयी कोलकाता, एजेंसी। जॉर्ज मुन्से के बल्ले की गरज और माइकल लीस्क के हरफनमौला कहर के सामने इटली बेबस नजर आया।

आईसीसी टी-20 विश्व कप के ग्रुप सी मुकाबले में स्कॉटलैंड ने सोमवार को यहां इटली को 73 रन से रौंदते हुए टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। साथ ही बाकी टीमों को भी संदेश दे दिया कि वह सिर्फ हिस्सा लेने नहीं, असर छोड़ने आया है। स्कॉटलैंड के 208 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की पारी लीस्क की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के आगे ताश के पत्तों की तरह ढह गई। ऑफ स्पिनर लीस्क ने 17 रन देकर चार विकेट झटके और इटली की उम्मीदों की कमर तोड़ दी। बेन मानेंती (52) के अर्धशतक और उनके एवं हैरी मानेंती (37) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 73 रन की साझेदारी ने जरूर कुछ देर मुकाबले को जीवित रखा, लेकिन इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई और इटली की टीम 16.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। इससे पहले स्कॉटलैंड की पारी की नींव जॉर्ज मुन्से ने रखी। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने शुरुआत से ही इटली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। शॉर्ट और बाहर की तरफ फेंकी गई गेंदों को उन्होंने पूरे अधिकार से सीमा रेखा के पार पहुंचाया। मुन्से ने 54 गेंदों में 14 चौकों और दो छक्कों की मदद से 84 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ माइकल जोन्स (37) ने पहले विकेट के लिए 126 रन की मजबूत साझेदारी निभाई, जिसने स्कॉटलैंड को बड़े स्कोर की राह पर डाल दिया। मुन्से का आत्मविश्वास इस कदर था कि शुरुआती ओवरों में ही उन्होंने अली हसन पर लगातार दो चौके जड़ दिए। इटली के गेंदबाजों की हर छोटी चूक पर मुन्से का बल्ला बोल उठा। 41 रन के निजी स्कोर पर एंथोनी मोस्का ने उनका आसान कैच कवर पर छोड़ दिया और यही चूक इटली को भारी पड़ गई। इसके बाद मुन्से ने बेन मानेंती के खिलाफ छक्का लगाकर महज 30 गेंदों में अपना 14वां टी-20 अर्धशतक पूरा किया। दूसरे छोर पर जोन्स ने शुरुआत में संभलकर खेला, लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी, उन्होंने भी हाथ खोल दिए। नतीजा यह रहा कि 10 ओवर में स्कॉटलैंड बिना विकेट गंवाए 91 रन तक पहुंच चुका था। इटली को 14वें ओवर में पहली सफलता मिली, जब ग्रांट स्टीवर्ट ने विश्व कप में अपना पहला विकेट लेते हुए मुन्से को लॉन्ग ऑन पर हैरी मानेंती के हाथों कैच कराया। मुन्से के आउट होने के बाद जोन्स भी अगले ओवर में जेजे स्मट्स की गेंद पर कैच थमा बैठे। यहां से जिम्मेदारी ब्रैंडन मैकमुलेन और माइकल लीस्क ने संभाली और फिर मैदान पर रन बरसने लगे। मैकमुलेन ने सिर्फ 18 गेंदों में चार छक्कों की मदद से नाबाद 41 रन ठोके, जबकि लीस्क ने महज पांच गेंदों में नाबाद 22 रन बनाकर इटली के गेंदबाजों की रही-सही उम्मीद भी खत्म कर दी। लीस्क ने अंतिम ओवर में थॉमस ड्रेका पर दो छक्के और दो चौके जड़ते हुए अकेले 22 रन बटोर लिए। स्कॉटलैंड चार विकेट पर 207 रन बनाकर मौजूदा टूर्नामेंट में 200 रन का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम बन गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर जस्टिन मोस्का विकेट गंवा बैठे, जब लीस्क की गेंद पर मुन्से ने बैकवर्ड प्वाइंट पर शानदार कैच लपका। जेजे स्मट्स (22) ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए और ब्रैड व्हील की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़ा, लेकिन ब्रैड क्यूरी की गेंद पर कप्तान रिची बेरिंगटन को कैच दे बैठे। एंथोनी मोस्का भी 13 रन बनाकर मार्क वाट का शिकार बने। पावरप्ले में इटली का स्कोर तीन विकेट पर 54 रन था। इसके बाद मानेंती बंधुओं ने पारी को संभालने की कोशिश की। हैरी ने ओलिवर डेविडसन पर दो छक्के जड़ने के बाद मैकमुलेन की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। इटली का स्कोर 11 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा, लेकिन तभी लीस्क ने अपना जादू चलाया। हैरी बड़े शॉट की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर मुन्से को कैच दे बैठे। उन्होंने 25 गेंदों में तीन छक्कों और एक चौके से 37 रन बनाए। बेन मानेंती ने 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर विश्व कप में यह उपलब्धि हासिल करने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बने, लेकिन वह भी एक गेंद बाद जोन्स को कैच दे बैठे। इसके बाद लीस्क ने ग्रांट स्टीवर्ट (2) और जियान पियरो मीडे (0) को पवेलियन भेजकर इटली की पारी की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी। अंतिम पांच ओवरों में 77 रन की दरकार थी, लेकिन इटली की पूरी टीम जल्द ही सिमट गई। मैच की शुरुआत में ही इटली को एक और झटका लगा था, जब चौथे ओवर में कप्तान वेन मेडसन के बाएं कंधे में चोट लगी और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। वह आगे मैच में हिस्सा नहीं ले सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।