Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsGas Cylinder Explosion in Malad Mumbai Injures Seven Including Infant
मुंबई: गैस सिलेंडर विस्फोट में सात लोग घायल

मुंबई: गैस सिलेंडर विस्फोट में सात लोग घायल

संक्षेप:

- दो लोगों की हालत गंभीर मुंबई, एजेंसी। मुंबई के मलाड इलाके में मंगलवार

Jan 27, 2026 07:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मुंबई के मलाड इलाके में मंगलवार सुबह गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से एक शिशु और छह अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दो घायल महिलाओं की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि मलाड (पश्चिम) के मालवणी इलाके में भारत माता स्कूल के पास एक चॉल में सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद विस्फोट हुआ। यह घटना सुबह नौ बज कर करीब 25 मिनट पर हुई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के बाद आग लग गई, जिससे दो मंजिला ढांचे की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में रखे घरेलू सामान और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने कहा कि सात लोग झुलस गए हैं और स्थानीय निवासियों ने उन्हें निजी अस्पतालों में पहुंचाया जहां से बाद में कुछ को नगर निकाय द्वारा संचालित चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित किया गया। अधिकारी ने बताया कि इनमें से दो महिलाएं 35 वर्षीय रोमा और 18 वर्षीय अलीशा करीब 35 प्रतिशत तक जल गई हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जुलेखाबानो आफताब अंसारी और दो वर्षीय आदिल शेख को नगर निकाय द्वारा संचालित कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि तीन अन्य लोगों- विजय चौधरी, तुआसिब खान और अली कासम को नगर निकाय द्वारा संचालित बीडीबीए अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन वे अस्पताल से चले गए।