Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsGangster Threat Leads to Shooting at Bookie s Home in Bihari Colony
रंगदारी नहीं देने पर बुकी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग

रंगदारी नहीं देने पर बुकी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग

संक्षेप:

नई दिल्ली के फर्श बाजार स्थित बिहारी कॉलोनी में एक बुकी के घर पर रंगदारी न मिलने पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। तीन बदमाशों ने 8-10 राउंड गोलियां चलाईं और धमकी भरा पर्चा फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने गैंगस्टर हाशिम बाबा के गुर्गों पर शक जताया है और जांच शुरू कर दी है।

Nov 04, 2025 07:59 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। फर्श बाजार स्थित बिहारी कॉलोनी में रविवार रात रंगदारी न मिलने पर एक बुकी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने घर के बाहर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं और एक धमकी भरा पर्चा फेंककर फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलते ही फर्श बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित बुकी बंटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गैंगस्टर हाशिम बाबा के गुर्गों पर शक जताया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि 17 अक्तूबर को हाशिम बाबा के करीबी गुर्गे सचिन उर्फ गोलू ने बंटी को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। बंटी ने धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। इसी का नतीजा रविवार को हुई फायरिंग के रूप में सामने आया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 की दिवाली के दिन गैंगस्टर हाशिम बाबा के बेहद करीबी आकाश उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस डबल मर्डर में राशिद कैबल वाले का नाम सामने आया था। छोटू बिहारी कॉलोनी के बुकी से बाबा के लिए प्रोटेक्शन मनी (सुरक्षा शुल्क) वसूलता था। उसके कहने पर हर बुकी हर महीने करीब 25 लाख रुपये बाबा तक पहुंचाता था। छोटू की हत्या के बाद बुकी ने यह भुगतान बंद कर दिया था। इसके बाद बाबा की ओर से कई बार संदेश भेजकर रुपये की मांग की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। थाईलैंड के नंबर से आई धमकी भरी कॉल 17 अक्तूबर को थाईलैंड के नंबर से गोलू ने फिर बंटी को कॉल कर 50 लाख की मांग की। कॉल को नजरअंदाज करने के बाद रविवार रात करीब 11:15 बजे तीन बदमाश बंटी के घर पहुंचे। दो ने हेलमेट पहन रखे थे, जबकि एक ने चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। आते ही उन्होंने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। कई राउंड फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खोखे और धमकी भरा पर्चा बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों बदमाशों की पहचान कर ली है और उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि फायरिंग का मकसद सिर्फ डराना था या फिर किसी बड़े गैंगवार की शुरुआत। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।