लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर गायक बी प्राक से 10 करोड़ की फिरौती मांगी
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर पंजाबी गायक दिलनूर को 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का ऑडियो मैसेज भेजा गया है। यदि रकम नहीं दी गई, तो बी प्राक को जान से मारने की धमकी दी गई है। दिलनूर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जांच शुरू हो गई है।

- गायक को दो कॉल की गई थी, कोई जवाब नहीं मिलने पर धमकी भरा एक ऑडियो मैसेज भेजा गया नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी और फिरौती मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पंजाबी और बॉलीवुड गायक बी प्राक से जुड़े पंजाबी गायक दिलनूर को ऑडियो मैसेज भेज कर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है। रकम नहीं देने पर बी प्राक को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किसने दी, कॉल और वॉयस मैसेज कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन सा गैंग सक्रिय है। जानकारी के मुताबिक, धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनसे जुड़े पंजाबी गायक दिलनूर को दी गई। दिलनूर को 5 जनवरी को दो बार कॉल आई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद 6 जनवरी को एक विदेशी नंबर से कॉल आया। दिलनूर ने जब कॉल उठाई तो बातचीत संदिग्ध लगी, जिस पर उन्होंने कॉल काट दी। इसके कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर एक धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। मैसेज भेजने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया वॉयस मैसेज भेजने वाले शख्स ने अपना नाम आरजू बिश्नोई बताया है। उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस के लिए काम करता है और फिलहाल भारत से बाहर है। मैसेज में साफ तौर पर धमकी दी गई कि एक हफ्ते के भीतर रुपये नहीं दिए गए तो बी प्राक को गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा। मैसेज में यह भी कहा गया कि इसे फर्जी कॉल न समझा जाए और किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। दिलनूर की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई धमकी सामने आने के बाद दिलनूर की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वॉयस मैसेज की फॉरेंसिक जांच और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह धमकी वास्तविक है या फिर किसी अन्य अपराधी गिरोह द्वारा लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश की जा रही है। नए साल से धमकी सिलसिला शुरू हुआ गौरतलब है कि नए साल की शुरुआत से ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दिल्ली में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। रोहिणी इलाके में एक व्यापारी के घर के बाहर ताबड़तोड़ 25 राउंड फायरिंग की गई थी। इसके अलावा पश्चिम विहार में एक जिम पर गोलीबारी और पूर्वी दिल्ली में एक व्यापारी को निशाना बनाया गया। हालांकि, इनमें से दो मामलों में दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल बी प्राक और उनसे जुड़े लोगों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही धमकी देने वाले आरोपी तक पहुंचकर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



