
अखबार की कतरन थमा कर ठग लिए तीन लाख
नई दिल्ली के तिगड़ी इलाके में एक व्यक्ति को कम कीमत पर डॉलर देने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठग लिया गया। पीड़ित ज्ञानदीप ने आरोपी को डॉलर चेक कराने के बाद रुपये दिए, लेकिन उसे कपड़े में बंधा अखबार की...
नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। तिगड़ी इलाके में कम कीमत पर डॉलर देने का झांसा देकर जालसाज ने एक व्यक्ति को अखबार की कतरन थमाकर तीन लाख रुपये ठग ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 26 सितंबर को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ज्ञानदीप ने पुलिस को बताया कि वह महिपालपुर स्थित ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय है। 24 सितंबर को उसे कार्यालय के बाहर एक युवक मिला। युवक ने उसे 20 डॉलर का नोट दिखाते हुए पूछा कि यह असली है या नहीं। ज्ञानदीप ने नोट की जांच की, तो वह असली निकला। इसके बाद युवक ने कहा कि उसके पास ऐसे कई नोट हैं।
एक डॉलर की कीमत 88 रुपये है, लेकिन वह 70 रुपये में दे देगा। इसके बाद उसके पास युवक का फोन आया। उसने तिगड़ी आकर डॉलर चेक करने को कहा। ज्ञानदीप वहां पहुंचा, तो उसे 30 नोट दिखाए गए। युवक ने 20 डॉलर का नोट उसे चेक करने के लिए दिया। महिपालपुर आकर ज्ञानदीप ने उसे चेक कराया, तो वह असली था। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को तीन लाख रुपये लेकर डॉलर लेने के लिए तिगड़ी जेजे कॉलोनी बुलाया। 26 सितंबर को पीड़ित एक बैग में रुपये लेकर निर्धारित स्थान पर पहुंचा। वहां आरोपी अपने एक साथी के साथ मौजूद था। रुपये चेक करने के बाद आरोपी युवक ज्ञानदीप को एफ ब्लॉक में ले गए। वहां उसे कपड़े में बंधा एक बंडल थमाकर दोनों वहां से चले गए। आरोपियों के जाने पर पीड़ित ने कपड़ा हटाकर देखा, तो उसमें अखबार की कतरन थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




