अपडेट::: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मुठभेड़, चार नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए, जिनमें वरिष्ठ नक्सली दिलीप वेडजा भी शामिल हैं। यह मुठभेड़ नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुई, जिसमें स्पेशल टास्क फोर्स और सीआरपीएफ के कमांडो शामिल थे। मुठभेड़ स्थल से कई हथियार भी बरामद किए गए।

बीजापुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए। इनमें एक वरिष्ठ नक्सली कैडर दिलीप वेडजा भी शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि यह मुठभेड़ जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की पहाड़ियों और जंगलों में उस समय हुई, जब सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। एसपी यादव के अनुसार इस अभियान में राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों के साथ-साथ सीआरपीएफ की विशेष इकाई कोबरा के कमांडो भी शामिल थे।
यह ऑपरेशन नक्सली संगठन की एरिया कमेटी के वरिष्ठ सदस्य दिलीप वेडजा की मौजूदगी की सूचना के आधार पर शुरू किया गया था। मुठभेड़ स्थल से दो नक्सलियों के शव दोपहर तक बरामद कर लिए गए थे, जबकि शाम को एक महिला नक्सली सहित दो और शव मिले। सुरक्षा बलों ने मौके से एके-47 राइफल और 303 राइफल सहित अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में से एक की पहचान दिलीप वेडजा के रूप में हुई है, जो माओवादी संगठन की नेशनल पार्क एरिया कमेटी में सक्रिय था और कई नक्सली हमलों में शामिल रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



