पाकिस्तान से विवाद बातचीत के जरिये सुलझाएं : नरवणे

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे ने संघ नेता दत्तात्रेय होसबाले के पाकिस्तान के साथ बातचीत के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती से द्विपक्षीय संबंध बेहतर हो सकते हैं। नरवणे ने यह भी कहा कि विवादों को बातचीत से हल किया जाना चाहिए, परंतु सैन्य बल का उपयोग भी आवश्यक हो सकता है।

पाकिस्तान से विवाद बातचीत के जरिये सुलझाएं : नरवणे

मुंबई, एजेंसी। पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को संघ नेता दत्तात्रेय होसबाले के उस बयान का समर्थन किया कि पाकिस्तान के साथ बातचीत करने के प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती से द्विपक्षीय संबंध बेहतर हो सकते हैं। कहा कि दोनों देशों को बातचीत के जरिये विवाद सुलझाने चाहिए। होसबाले ने एक साक्षात्कार में कहा था कि पाकिस्तान से गतिरोध तोड़ने के लिए आपसी संवाद और संपर्क जरूरी है। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के सैन्य और राजनैतिक नेतृत्व ने वहां की जनता का भरोसा खो दिया है। ऐसे में अब वहां के नागरिक समाज को आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहिए।

इसे लेकर नरवणे ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि दोनों देशों के लोगों का जुड़ना जरूरी है, चाहे वह कूटनीति के जरिये हो या खेल आयोजनों के जरिये। उन्होंने कहा कि हमें यह समझाना होगा कि दोनों ओर आम लोग रहते हैं, जिनकी आम समस्याएं रोटी-कपड़ा और मकान हैं। आम जनता का राजनीति से लेना-देना नहीं होता। कहा कि दोनों देशों के लोगों में दोस्ती होगी तो दोनों देशों में भी दोस्ती होगी। इसके लिए लोगों के बीच आपसी संपर्क जरूरी है।नरवणे ने कहा, ‘विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम सैन्य बल का इस्तेमाल नहीं कर सकते। भारत एक ऐसा देश है जो शांति की भाषा बोलता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर हम बल का इस्तेमाल करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।’

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।