अंडमान के पूर्व मुख्य सचिव नारायण को पुलिस हिरासत में भेजा गया
पोर्ट ब्लेयर,एजेंसी। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के पूर्व मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण को...

पोर्ट ब्लेयर,एजेंसी।
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के पूर्व मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण को कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में शुक्रवार को 14 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अदालत में पेशी के बाद पोर्ट ब्लेयर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने यह फैसला सुनाया। पुलिस ने उनके और फरार अन्य सह-आरोपियों के खिलाफ जांच जारी रखने के लिए रिमांड की मांग की थी।
आरोप है कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में 21 वर्षीय युवती को सरकारी नौकरी का झांसा देकर मुख्य सचिव के घर ले जाया गया और वहां नारायण सहित शीर्ष अधिकारियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इससे पहले, गुरुवार को पुलिस ने नारायण को स्थानीय अदालत द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया था। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत के फैसले के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों की टीम निजी रिसॉर्ट में पहुंची, जहां नारायण ठहरे थे और भारी सुरक्षा के बीच उन्हें पुलिस लाइन लाया गया।
