
हनुमानगढ़ में किसानों का विरोध जारी रखने का ऐलान
हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ किसानों और विपक्षी नेताओं का आंदोलन जारी है। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान झड़प हुई, जिसमें 50 लोग घायल हुए। पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया। किसान गुरुद्वारे में इकट्ठा होकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान कर चुके हैं।
जयपुर, एजेंसी। एथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ हनुमानगढ़ के किसानों और विपक्षी नेताओं ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। इससे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। इंटरनेट सेवाएं लगातार दूसरे दिन भी बंद रहीं। राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित रातीखेड़ा गांव में एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण का किसान विरोध कर रहे हैं। बुधवार को बड़ी संख्या में किसान निर्माणस्थल पर पहुंच गए थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया था। पुलिस जीप समेत कई वाहन फूंक डाले गए थे। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा था। इस दौरान महिलाओं समेत 50 लोग घायल हो गए थे।

कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया के सिर में चोट आई थी, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फैक्ट्री निर्माणस्थल के पास 30 परिवारों के डर के कारण घर छोड़ने की बात भी सामने आई है। गुरुवार सुबह किसान एक गुरुद्वारे में जुटे। यहां उन्होंने ऐलान किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है, वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। उधर, जिला कलेक्टर डॉ. खुशहाल यादव का कहना है कि 2022 में राइजिंग राजस्थान समिट में प्रस्तावित इस एथनॉल प्लांट को सभी अनिवार्य स्वीकृतियां मिली हुई हैं। कहा कि किसानों को शांतिपूर्ण महापंचायत की अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने इसे हिंसक रूप दे दिया। बताया कि निर्माणस्थल पर भारी पुलिसबल की तैनाती की गई है। उधर, कांग्रेस, सीपीआई (एम) और अन्य विपक्षी दलों व हरियाणा-पंजाब के कई संगठनों ने किसानों के प्रदर्शन को समर्थन दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


