हिरासत से रिहा हुए किसान नेता पंधेर, कोहाड़ और कोटड़ा
केंद्र सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद किसान नेताओं सरवन सिंह पंधेर, अभिमन्यु कोहाड़ और काका सिंह कोटड़ा को रिहा कर दिया गया। पंधेर ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई की निंदा की और आरोप लगाया कि...

चंडीगढ़, एजेंसी। केंद्र सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद हिरासत में लिए गए किसान नेताओं सरवन सिंह पंधेर, अभिमन्यु कोहाड़ और काका सिंह कोटड़ा को शुक्रवार को रिहा कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसान मजदूर मोर्चा के नेता पंधेर को मुक्तसर जेल से, जबकि कोहाड़, कोटड़ा और कुछ अन्य किसान नेताओं को पटियाला केंद्रीय कारागार से रिहा किया गया।
रिहाई के बाद सरवन सिंह पंधेर ने एक वीडियो संदेश जारी कर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसान एक साल से अधिक समय से इन सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे थे। गौरतलब है कि 19 मार्च को किसान नेताओं को उस समय हिरासत में लिया गया था जब वे चंडीगढ़ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से लौट रहे थे। यह बैठक किसानों की मांगों, विशेष रूप से एमएसपी की कानूनी गारंटी पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी।
पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप
पंधेर ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ मिली हुई है। उन्होंने कहा, यह स्पष्ट हो गया है कि पंजाब सरकार दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेताओं को ईडी की कार्रवाई से बचाने के लिए केंद्र सरकार के साथ साठगांठ कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया, राजमार्गों को अवरुद्ध करने वाले आखिर कौन थे, किसान या हरियाणा प्रशासन, जिसने रास्तों में अवरोधक लगाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।