Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsFarmers Forced to Burn Crop Residue Delhi Environment Minister Accuses AAP of Pollution Conspiracy
दिल्ली की हवा को जहरीला बनाने की साजिश रच रही पंजाब की आप सरकार: सिरसा

दिल्ली की हवा को जहरीला बनाने की साजिश रच रही पंजाब की आप सरकार: सिरसा

संक्षेप: किसानों को पराली जलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है: सिरसा नई दिल्ली।

Tue, 21 Oct 2025 06:14 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

किसानों को पराली जलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है: सिरसा नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर जानबूझकर दिल्ली की हवा को प्रदूषित करने की साजिश रचने आरोप लगाया है। एक प्रेसवार्ता में मंत्री ने कहा कि पिछले चार दिनों में पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं अचानक बढ़ गई हैं और यह कोई संयोग नहीं है। पंजाब के किसानो को पराली जलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। यह दिल्ली की हवा को गंदा करने की सुनियोजित राजनीति है ताकि कहा जा सके कि दिल्ली सरकार असफल है।

सिरसा ने विपक्ष के धार्मिक बयानों की तीखी निंदा करते हुए कहा अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम दीपावली जैसे पावन पर्व को राजनीति से जोड़ रहे हैं। दीपावली किसी राजनीतिक पार्टी का त्यौहार नहीं है यह भारत की आत्मा का त्योहार है। जो लोग इसे पाप बता रहे हैं, वे धर्म और समाज दोनों के साथ अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। पहले पटाखों पर बैन लगाकर एक वर्ग को खुश किया गया, अब दीपावली मनाने वालों को ‘पापी कहा जा रहा है। यह वही लोग हैं जो विधानसभा में भगवान श्रीराम के विरोध में आवाज उठाते थे। मंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप दस साल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन आपने दिल्ली को केवल कूड़े के पहाड़, टूटी सड़कों और प्रदूषित यमुना दी। हमने सात महीनों में 27 लाख टन कूड़ा हटाया, यमुना की सफाई तेज़ की और निर्माण स्थलों की निगरानी बढ़ाई। लेकिन आप अब भी राजनीति कर रहे हैं धर्म को बीच में लाकर। उन्होंने आगे कहा कि अब जब दिल्ली में वो काम सात महीनों में हो रहा है जो पिछले 27 सालों में नहीं हुआ, तो उनके पेट में दर्द होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि क्लाउड सीडिंग तभी होती है जब बादल हों पहले ‘क्लाउड आता है, फिर ‘सीडिंग। बिना बादल के क्लाउड सीडिंग संभव नहीं। इसलिए विज्ञान को समझे बिना बयानबाजी न करें। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई से लेकर ऊंची इमारतों की मॉनिटरिंग तक, हर कदम प्रदूषण घटाने की दिशा में है। जो लोग झूठ फैला रहे हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए अब दिल्ली बदल रही है, और यह बदलाव दिख भी रहा है।