स्मृति शेष ::: उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो...
मशहूर उर्दू शायर डॉ. बशीर बद्र का निधन हो गया है। उनकी शायरी ने मोहब्बत, याद, और इंसानी रिश्तों की गहराई को उजागर किया। उन्होंने उर्दू गजल को आम लोगों की भाषा से जोड़ा। उनका योगदान और शायरी आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा जीवित रहेगी।

- मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का निधन, उर्दू अदब की एक रोशन आवाज हुई खामोश नई दिल्ली/भोपाल, एजेंसी। उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, न जाने किस गली में जिंदगी की शाम हो जाए। अपनी शायरी से मोहब्बत, याद, दर्द और इंसानी रिश्तों को नई गहराई देने वाले मशहूर उर्दू शायर डॉ. बशीर बद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन के साथ ही उर्दू अदब की एक ऐसी आवाज खामोश हो गई, जिसने गजल को आम लोगों की भाषा और भावनाओं से जोड़ दिया था。
शायरी में योगदान
डॉ. बशीर बद्र का नाम उन शायरों में शुमार किया जाता है, जिन्होंने उर्दू गजल को पारंपरिक दायरों से निकालकर आधुनिक संवेदनाओं से जोड़ा। उनकी शायरी में भाषा की मिठास, रिश्तों की नमी और जीवन की तल्ख सच्चाइयों का अद्भुत संगम दिखाई देता है। यही वजह रही कि उनकी गजलें केवल उर्दू जानने वालों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि हिंदी और अन्य भाषाओं के पाठकों और श्रोताओं के बीच भी बेहद लोकप्रिय हुईं। उनके कई शेर आज भी लोगों की जुबां पर हैं।
साहित्य जगत में शोक
डॉ. बशीर बद्र के निधन से साहित्य जगत, शायरी प्रेमियों और उर्दू अदब में गहरा शोक है। उनकी शायरी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मोहब्बत, इंसानियत और संवेदनाओं की रोशनी बनकर जीवित रहेगी।
--
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जन्मे डॉ. बशीर बद्र का वास्तविक नाम सैय्यद मोहम्मद बशीर था। उनका पैतृक संबंध फैजाबाद जिले से था। उनके पिता सैय्यद मोहम्मद नजीर पुलिस विभाग में थे। शुरुआती शिक्षा कानपुर और इटावा में हुई, लेकिन पिता के निधन के बाद आर्थिक कठिनाइयों ने उनकी पढ़ाई को प्रभावित किया। कम उम्र में ही उन्हें पुलिस विभाग में नौकरी करनी पड़ी, मगर साहित्य और शिक्षा से उनका रिश्ता कभी नहीं टूटा। बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर शिक्षा और साहित्य को पूरी तरह अपना लिया। उन्होंने एएमयू से पीएचडी की डिग्री ली। उनका शोध विषय था-‘आजादी के बाद उर्दू गजल का आलोचनात्मक अध्ययन’। इसके बाद वह मेरठ कॉलेज में उर्दू विभाग में व्याख्याता बने।
--
बचपन से शायरी का लगाव
शायरी से उनका लगाव बचपन से ही था। कहा जाता है कि उन्होंने सात वर्ष की उम्र में कविता लिखना शुरू कर दिया था। उनकी पहली गजल प्रतिष्ठित पत्रिका ‘निगार’ में प्रकाशित हुई थी। युवावस्था तक पहुंचते-पहुंचते उनकी रचनाएं भारत और पाकिस्तान की साहित्यिक पत्रिकाओं में जगह बनाने लगी थीं।
-
देश-विदेश में मुशायरे
70 और 80 के दशक में उनकी शायरी ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं। देश-विदेश के मुशायरों में उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते थे। अमेरिका, दुबई, कतर और पाकिस्तान समेत दुनिया के कई देशों में उनके प्रशंसक थे।
-
जीवन की कठिनाइयाँ
बशीर बद्र के जीवन का सबसे कठिन दौर वर्ष 1987 में आया, जब मेरठ में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान उनका घर जला दिया गया। इस हादसे में उनकी कई अप्रकाशित रचनाएं नष्ट हो गईं। बाद में वह भोपाल आकर बस गए। इस त्रासदी ने उनकी शायरी को और अधिक मानवीय संवेदना और करुणा से भर दिया।
-
उर्दू गजल का सरलकरण
डॉ. बशीर बद्र का सबसे बड़ा साहित्यिक योगदान यह माना जाता है कि उन्होंने उर्दू गजल को कठिन फारसी-अरबी शब्दावली से बाहर निकालकर बोलचाल की सहज भाषा से जोड़ा। उनकी गजलें गांव की मिट्टी की खुशबू, शहर की बेचैनी, रिश्तों की टूटन और इंसानी जज्बातों की सादगी को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं। उनकी रचनाओं ने नई पीढ़ी को भी गजल से जोड़ने का काम किया।
----
बशीर के मशहूर शेर
1. कुछ तो मजबूरियां रही होंगी,
यूं कोई बेवफा नहीं होता।
2. दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे,
जब कभी हम दोस्त हो जाएँ तो शर्मिंदा न हों।
3. लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में,
तुम तरस नहीं खाते बस्तियां जलाने में।
4. कोई हाथ भी न मिलाएगा जो गले मिलोगे तपाक से,
ये नए मिजाज का शहर है, जरा फासले से मिला करो।
5. जिस दिन से चला हूं मिरी मंजिल पे नजर है,
आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा।
6. बड़े लोगों से मिलने में हमेशा फासला रखना,
दरिया जहां समंदर से मिला, दरिया नहीं रहता।
7. वो शाख है न फूल, अगर तितलियां न हों,
वो घर भी कोई घर है जहां बच्चियां न हों।
8. शोहरत की बुलंदी भी पलभर का तमाशा है
जिस डाल पर बैठे हो, वो टूट भी सकती है।
9. मेरी हंसी से उदासी के फूल खिलते हैं,
मैं सबके साथ हूं, लेकिन जुदा सा लगता हूं।
10. जी बहुत चाहता है सच बोलें,
क्या करें हौसला नहीं होता।
--------------------------------
प्रोफाइल :
बशीर बद्र (सय्यद मुहम्मद बशीर)
जन्म -15 फरवरी 1935
मृत्यु - 28 मई 2026
जन्म: 15 फरवरी 1935, अयोध्या उत्तर प्रदेश।
शिक्षा: बीए, एमए एवं पीएचडी। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय(एएमयू) से।
अध्यापन: एएमयू में प्रवक्ता। मेरठ कॉलेज में अध्यापन। विभागाध्यक्ष भी रहे।
प्रमुख सम्मान: साहित्य और उर्दू अदब में असाधारण योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा साहित्य अकादमी पुरस्कार (1999), उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी सम्मान (चार बार), बिहार उर्दू अकादमी सम्मान। मीर अकादमी पुरस्कार। इसके अलावा भी उन्होंने कई अन्य सम्मान हासिल किए।
प्रमुख कृतियां: 69 गजलों का संग्रह ‘आस’, इकाई, आमद, आहट, ‘कुल्लियते बशीर बद्र’ और आसमान जैसे उनके संग्रह उर्दू साहित्य की धरोहर हैं। साहित्यिक आलोचना की दो किताबें ‘आजादी के बाद की गल का तन्क़ीदी मुताला’ और ‘बीसवीं सदी में उर्दू गजल’ भी लिखीं। देवनागरी लिपि में उर्दू गजलों का संग्रह ‘उजाले अपनी यादों के’ भी निकाला था। उनकी रचनाएं गुजराती में भी प्रकाशित हुई हैं और अंग्रेजी और फ्रेंच में अनुवादित की गई हैं।


